जींद : भाजपा के प्रदेशाध्यक्ष पर भूमाफिया को संरक्षण देने का बड़ा आरोप लगाते हुए हडवारे को दूसरी जगह शिफ्ट करने के लिए आंदोलन कर रहे लोगों ने न्याय की इस लड़ाई को चंडीगढ़ तक पहुंचाने का ऐलान किया है। हडवारा हटाओ संघर्ष समिति ने अपने धरने के पांचवें दिन बड़ा खुलासा करते हुए कहा कि बदबू के इस आलम में गांव जलालपुरा, ईक्कस, जलालपुरा कलां, शहर की नेताजी कॉलोनी और आसपास की गांव की जमीनों को कोडिय़ों के भाव खरीदकर मोटी चांदी कमाई जा सकें, इस गंदी सोच को नगर परिषद की प्रधान पूनम सैनी के पति एवं भाजपा के प्रदेश सचिव जवाहर सैनी हडवारे को नहीं हटवाने दे रहे हैं। हालांकि जवाहर सैनी समिति के इन आरोपों को पहले ही निराधार बता चुके है।
संघर्ष समिति से जुड़े नरेंद्र दलाल ने कहा कि धरने स्थल पर जिले के अधिकारी जब लोगों की समस्या को भांपते हुए हडवारे को हटाने के लिए हलचल में आते है तो उन्हें भाजपा के प्रदेशाध्यक्ष सुभाष बराला अपने कद-पद के दम पर रोक देते हैं। उन्होंने अपने आरोपों में कहा कि सुभाष बराला हडवारे के इर्द-गिर्द स्थित गाांव में रहने वाले तथा यहां के आस-पास की कॉलोनियों के हजारों लोगों की जान के दुश्मन बने हुए है। यदि हडवारा नहीं हटा और दुर्गंध का आलम इसी तरह बना रहा तो इस क्षेत्र में बीमारी के कारण एक-दो नहीं सैंकड़ों जानें जा सकती है। इसलिए भाजपा प्रदेशाध्क्ष अपनी पार्टी के प्रदेश सचिव जवाहर सैनी की एक तरफा बातों को दरकिनार कर हजारों लोगों की समस्या को समझे।
हडवारे की बदबू के कारण यहां के किसान अपनी धरती माता को कतई भी कोडिय़ों के दामों में नहीं बेचेंगे। अगर बराला और जवाहर सैनी इस गलफत में है तो उनकी यह कुसोच किसी भी सूरत में पूरी नहीं होगी। संघर्ष समिति के प्रधान राजा सैनी और नरेंद्र दलाल ने कहा कि अगर जरूरत पड़ी तो जल्द ही बराला और सैनी का सामाजिक बहिष्कार करने का ऐलान किया जाएगा। इसके लिए जींद के साथ-साथ बराला के विधानसभा में भी इस दर्द की आवाज पहुंचाई जाएगी। नरेंद्र दलाल ने कहा कि अब हडवारा हर कीमत पर हटकर रहेगा। अगर भाजपा प्रदेशाध्यक्ष ने अपना संरक्षण यूं ही जारी रखा तो उनका चंडीगढ़ जाकर भी विरोध किया जाएगा। उन्होंने कहा कि प्रदेश के मुख्यमंत्री मनोहरलाल की आंखों में पार्टी प्रदेशाध्यक्ष धूल झोंक रहे हैं। हजारों लोगों की अनसुनी करके जो दबाव का खेल खेला जा रहा है, वह भाजपा पर भारी पड़ेगा।
अधिक लेटेस्ट खबरों के लिए यहाँ क्लिक करें।
– संजय शर्मा