रेवाड़ी : लोक निर्माण व वन मंत्री राव नरबीर सिंह ने कहा कि राज्य में सड़कों का निर्माण कार्य तेजी से किया गया है। हाल ही में दो नए लंबे रोड बनाए जाएंगे, जिनकी शुरूआत जल्द ही की जाएगी। कुरूक्षेत्र के गांव ठोल से नांगल चौधरी तक ग्रीन रोड बनेगा तथा सोहना से वाया फिरोजपुर व राजस्थान होता हुआ मुंबई तक पहुंचेगा। राज्य में 6 प्री-फैब्रिकेटिड आरओबी बनाए जाएंगे। अगस्त माह में गढ़ी हरसरू से पायलट प्रोजैक्ट के रूप में उक्त आरओबी की शुरूआत की जाएगी। अगले 2 महीनों में नए बस स्टैंड के लिए भी जमीन का चयन कर लिया जाएगा।
वह शुक्रवार शहर के विश्राम गृह में पत्रकारों से बातचीत कर रहे थे। उन्होंने कहा कि सरकार ने सड़कों का जाल बिछाया है। बाईपास का निर्माण कराया जा रहा है। रेवाड़ी-नारनौल रोड पर बनाए जाने वाले फोर-लेन पर 618 करोड़ रुपये की लागत आएगी। अकेले रेवाड़ी में 351 करोड़ रुपये की लागत से सड़कें बनाई जा चुकी है। 106 किलो मीटर लंबाई की नई सड़कें बनाई जा रही है। इनमें से कुछ बन भी चुकी है। 100 करोड़ रुपये के काम पाईप लाईन में है। स्थानीय रेस्ट हाऊस का निर्माण कार्य अगले दो महीनों में पूरा हो जाएगा। उन्होंने कहा कि जिला कुरूक्षेत्र से नांगल चौधरी तक ग्रीन रोड बनाया जा रहा है।
इसके अलावा सोहना से वाया फिरोजपुर व राजस्थान मुंबई तक रोड बनाया जाएगा। रोड बनाने का काम जल्द शुरू होगा। ग्रीन रोड के लिए जमीन अधिग्रहण की जानी है। बरसात के दिनों में होने वाले जलभराव की समस्या संबंधी सवाल पर उन्होंने कहा कि यह सभी जगह की समस्या है। डिस्पोजल की सही व्यवस्था नहीं है। उनकी योजना है कि लोक निर्माण विभाग की जमीन में कुई खोदकर उसमें खरिंजें लगा दिए जाएं। खरिंजें लगाने से यह होगा कि उसमें कोई पशु अथवा इंसान नहीं गिर सकेगा और पानी से भूमिगत जलस्तर पर बढ़ जाएगा। उन्होंने कहा कि इसी महीनें में वह पायलट प्रोजैक्ट के रूप में वह ऐसी 10 कुई बनवाएंगे। पूर्व में प्री-फैब्रिकेटिड आरओबी बनाने की घोषणा संबंधी सवाल पर उन्होंने कहा कि इस दिशा में काम किया जा रहा है।
फिलहाल ऐसे 6 आरओबी बनवाए जा रहे हैं। पायलट प्रोजैक्ट के रूप में गढ़ी हरसरू रेलवे स्टेशन पर आरओबी बनाया जाएगा। इसका अगस्त माह में टेंडर होगा तथा 6 महीने में आरओबी बनकर तैयार हो जाएगा। बाजरा के एमएसपी में की गई अप्रत्याशित बढ़ोत्तरी को उन्होंने किसानों के हक में अभी तक का सरकार का सबसे बड़ा कदम बताया। सरकार केवल घोषणा करती है, लेकिन बाजरा खरीदती नहीं, इस सवाल पर उन्होंने कहा कि यह दिक्कत तब आती है, जब बाहरी राज्यों के किसान यहां अपना बाजरा लेकर आते हैं। उन्होंने जहां किसानों से सहयोग की अपील की, वहीं यह भी कहा कि राज्य के किसानों का एक-एक दाना खरीदा जाएगा। अरावली को उजाडऩे को लेकर किए गए सवाल पर राव नरबीर सिंह ने कहा कि सरकार ड्रॉन कैमरे से क्षेत्र की मैपिंग करा रही है।


Download Android App
Download iOS App



