राजस्थान में महिला सुरक्षा के प्रति जागरूकता बढाने के लिये लेडी पुलिस पेट्रोल युनिट की महिला कर्मचारी स्कूलों और विश्वविद्यालयों की छात्राओं को जानकारियां देगी। अतिरिक्त पुलिस उपायुक्त (कन्ट्रोल रूम) श्रीमती कमल शेखावत ने आज यहां”महिला सुरक्षा से संबंधित सेवाऐं”नामक पम्फलेट का विमोचन करते हुये यह जानकारी दी।
उन्होंने बताया कि लेडी पुलिस पेट्रोल यूनिट की स्कूटी सवार महिला पुलिसकर्मी कमिश्नरेट क्षेत्र में स्थित बालिकाओं एवं महिलाओं के स्कूलों तथा कॉलेजों में जाकर इस पम्फलेट के माध्यम से महिला सुरक्षा से संबंधित सेवाओं के बारे में जानकारी देकर उन्हें जागरूक करेंगी। उन्होंने बताया कि पेट्रोल यूनिट की प्रत्येक टीम प्रतिदिन एक-एक स्कूल व कॉलेज में जायेगी।
उन्होंने बताया कि पम्फलेट में महिला गरिमा हैल्प लाईन, व्हाट््स एप महिला हैल्प लाईन, राज महिला सुरक्षा मोबाइल एप, जयपुर कमिश्नरेट के महिला थानों के टेलिफोन नम्बर, ऑल वीमेन पुलिस स्टेशन, महिला सलाह एवं सुरक्षा केन्द, तथा लेडी पुलिस पेट्रोल यूनिट के बारे में जानकारी दी गयी है।
उन्होंने यह भी बताया कि लेडी पुलिस पेट्रोल यूनिट की महिला पुलिसकर्मी स्कूलों व कॉलेजों में जाकर बालिकाओं एवं महिलाओं के साथ होने वाले उत्पीडऩ के लिए वहां के प्रबंधन द्वारा अपने स्तर पर गठित समिति के बारे में भी जानकारी लेंगी और महिला सुरक्षा से संबंधित सेवाओं के बारे में जागरूक करेंगी।