दिसंबर महीने की शुरुआत में ही देश की पेट्रोलियम कंपनियों ने आम जनता को एक झटका दे दिया है। इस बार यह झटका एलपीजी कॉमर्शियल सिलेंडर की कीमतों में इजाफा करके दिया है। कंपनियों ने गैस के दाम में 100 रुपए तक की बढ़ोत्तरी कर दी है। कीमत बढ़ने के बाद से राजधानी दिल्ली में अब 19 किलो वाले कॉमर्शियल सिलेंडर की कीमत 2101 रुपए हो गई है।
पांच महीने में कई बार बढ़े है दाम
सिलेंडर की कीमतों में इजाफा कई महीनों से लागू है। कंपनियों ने एलपीजी के दाम में करीब पांच महीनों में 190 रुपए बढ़ाए हैं। हालांकि घरेलू इस्तेमाल होने वाले सिलेंडरों की कीमतों में कोई इजाफा नहीं किया गया है। कॉमर्शियल सिलेंडर के दाम बढ़ने से रेस्टोरेंट मालिकों पर बोझ बढ़ेगा जिसके परिणाम स्वरुप अब रेस्टोरेंट में मिलने वाला खाना भी मंहगा हो सकता है।
राज्यों में कितनी बढ़ी कीमतें
कॉमर्शियल सिलेंडर के दाम में बढ़ोत्तरी से राजधानी दिल्ली में 19 किलो वाला सिलेंडर 2101 रुपये हो गया है, कोलकाता में 2177 रुपये, मुंबई में 2051और चेन्नई में इसकी कीमत 2234 हो गई है। कुछ समय पहले यह खबर आई थी कि, घरेलू एलपीजी सिलेंडर को लागत से कम मूल्य पर बेचने से होने वाला नुकसान अब 100 रुपये प्रति सिलेंडर से ज्यादा हो चुका है इसलिए कयास लगाए जा रहें हैं कि, घरेलू सिलेंडर की कीमतों में इजाफा हो सकता है।