गुजरात विधानसभा में भाजपा पार्टी ने झपड़ फाड़ कमाई की जिसमें 182 सीटों में से 153 सीटें अपने खातें में दर्ज की है। केंद्रीय मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया ने शुक्रवार को स्पष्ट किया कि कांग्रेस का इस राज्य में सूपड़ा साफ हो गया और हाथ के पंजे को जड से उखाड़ फैंक दिया।
सिंधिया ने इंदौर में संवाददाताओं से बातचीत के दौरान गुजरात विधानसभा चुनावों में भाजपा की रिकॉर्ड जीत का जिक्र करते हुए कहा, “आज कांग्रेस की हालत यह है कि वह अपना वजूद खोजने पर मजबूर है।” केंद्रीय मंत्री ने कहा कि हिमाचल प्रदेश के विधानसभा चुनावों में कांग्रेस को जरूर बहुमत मिला है, लेकिन उसके और भाजपा के बीच मतों का अंतर बहुत कम रह गया है। सिंधिया ने दावा किया, “इससे पहले हिमाचल प्रदेश में जब भी सत्ता परिवर्तन हुआ, भाजपा और कांग्रेस के बीच मतों का अंतर छह से सात प्रतिशत के बीच होता था। लेकिन अब यह अंतर एक प्रतिशत से भी कम पर सिमटकर रह गया है।”
सिंधिया ने मध्य प्रदेश में अगले साल होने वाले विधानसभा चुनावों में कांग्रेस की सरकार बनने के कमलनाथ के दावे पर चुटकी ली। उन्होंने कहा, “कई लोगों को सपने देखने की आदत होती है। वे सपने देखते रहें, लेकिन मध्य प्रदेश में भाजपा की ‘डबल इंजन’ की सरकार काम कर रही है।” गौरतलब है कि सिंधिया की सरपरस्ती में कांग्रेस के 22 बागी विधायकों के विधानसभा सदस्यता से त्यागपत्र देकर भाजपा में शामिल होने के कारण कमलनाथ नीत कांग्रेस सरकार का 20 मार्च 2020 को पतन हो गया था। इसके बाद शिवराज सिंह चौहान के नेतृत्व में भाजपा 23 मार्च 2020 को सूबे की सत्ता में लौट आई थी।