मनोज सोनी को संघ लोक सेवा आयोग (यूपीएससी) का नया अध्यक्ष बनाया गया है। इससे पहले वह वडोदरा के एमएस यूनिवर्सिटी के वाइस चांसलर रह चुके हैं। इसी खबर पर कांग्रेस सांसद राहुल गांधी ने बीजेपी पर निशाना साधा।
राहुल गांधी ने यूं कसा तंज
कांग्रेस नेता राहुल गांधी ने यूपीएससी के अध्यक्ष की नियुक्ति को लेकर सोमवार को केंद्र पर हमला बोला।राहुल गांधी ने अपने ट्वीट में कहा, यूनियन प्रचारक संघ कमीशन। भारत के संविधान को ध्वस्त किया जा रहा है, एक समय में एक संस्था। मनोज सोनी को संघ लोक सेवा आयोग (यूपीएससी) का नया चेयरमैन नियुक्त किया गया है। आरोप लग रहे हैं कि उनके भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) और राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ (आरएसएस) के साथ घनिष्ठ संबंध हैं, जबकि यूपीएससी को एक तटस्थ निकाय होना चाहिए।
अधिकारियों की भर्ती के लिए जिम्मेदार
सोनी गुजरात के वडोदरा में महाराजा सयाजीराव विश्वविद्यालय के कुलपति थे। वह गुजरात में स्वामीनारायण संप्रदाय से जुड़े हुए हैं।यूपीएससी आईएएस, सेना और अन्य सेवाओं सहित विभिन्न अखिल भारतीय सेवाओं के अधिकारियों की भर्ती के लिए जिम्मेदार है। अतीत में, यूपीएससी अध्यक्ष भारतीय प्रशासनिक सेवा के पूर्व अधिकारी रहे हैं।
कौन है UPSC के नए चेयरमैन मनोज सोनी?
मनोज सोनी को 5 अप्रैल 2022 को यूपीएससी का नया चेयरमैन नियुक्त किया गया है। इससे पहले उन्होंने 2 विश्वविद्यालयों में कुलपति के रूप में काम किया है। मीडिया रिपोर्ट के मुताबिक 17 फरवरी 1965 को मनोज सोनी का जन्म मुंबई में हुआ था। कम उम्र में पिता का देहांत हो जाने के बाद अपनी मां के साथ गुजरात चले आए थे। मनोज सोनी को अंतरराष्ट्रीय संबंधों के साथ राजनीति विज्ञान की बेहद अच्छी जानकारी है।