वैश्विक महामारी कोरोना वायरस (कोविड-19) की चपेट में भारत के 18600 से ज्यादा लोग आ गए हैं, वहीं मंगलवार तक वायरस से ग्रस्त 590 लोग मर चुके हैं। अब तक संक्रमितों में से 3251 लोग स्वस्थ हो गए है। केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्रालय ने सोमवार को नियमित प्रेस कॉन्फ्रेंस में जानकारी दी।
स्वास्थ्य मंत्रालय संयुक्त सचिव लव अग्रवाल ने बताया कि देश में अब भी 14759 लोग संक्रमण की चपेट में हैं जबकि 3251 लोग स्वस्थ हो गए हैं और उन्हें अस्पताल से छुट्टी दी जा चुकी है वहीं एक व्यक्ति विदेश चला गया है। कुल मामलों में 77 विदेशी नागरिक भी शामिल हैं। सोमवार शाम से अब तक कुल 31 लोगों की मौत हुई है।
आंकड़ों के अनुसार देश में सर्वाधिक 4,866 मामले महाराष्ट्र से सामने आए हैं। इसके बाद दिल्ली से 2,081, गुजरात से 1,939, राजस्थान में 1,576, तमिलनाडु में 1,520 और मध्य प्रदेश में 1.485 मामले सामने आए हैं। उत्तर प्रदेश में संक्रमितों की संख्या 1,184, तेलंगाना में 873 और आंध्र प्रदेश में 722 है। केरल और कर्नाटक दोनों राज्य से 408 मामले सामने आए हैं।
पश्चिम बंगाल में भी संक्रमितों की संख्या बढ़कर 392, जम्मू-कश्मीर में 368, हरियाणा में 254 और पंजाब में 245 हो गई है। बिहार में कोरोना वायरस संक्रमण के 113 जबकि ओडिशा में 74 मामले हैं। उत्तराखंड और झारखंड में 46-46 लोगों में संक्रमण की पुष्टि हुई है। हिमाचल प्रदेश में 39, छत्तीसगढ़ में 36 जबकि असम में 35 मामले हैं।
केंद्र शासित क्षेत्रों चंडीगढ़ में कोविड-19 के 26, लद्दाख में 18 जबकि अंडमान और निकोबार द्वीपसमूह से 16 मामले हैं। मेघालय में 11 जबकि गोवा और पुडुचेरी से कोविड-19 के सात-सात मामले सामने आए हैं। वहीं मणिपुर और त्रिपुरा में दो-दो लोग जबकि मिजोरम और अरुणाचल प्रदेश में एक-एक व्यक्ति संक्रमण की चपेट में है। मंत्रालय ने अपनी वेबसाइट पर कहा,“हमारे आंकड़े आईसीएमआर के साथ मिलान कर सामने रखे गए हैं।”