उत्तर भारत में कड़ाके की ठंड का प्रकोप जारी है। दिल्ली, हरियाणा, राजस्थान और उत्तर प्रदेश सहित उत्तर भारत के मैदानी इलाकों में पिछले एक पखवाड़े से कड़ाके की ठंड से गुरुवार को पूर्वी हवाओं के जोर पकड़ने के कारण थोड़ी राहत मिली, मगर मध्य प्रदेश, छत्तीसगढ़ और उत्तराखंड में हल्की बारिश के कारण ठिठुरन भरी सर्दी का दौर अब भी बरकरार है। उत्तर प्रदेश की राजधानी व आस-पास के इलाकों में सुबह से ही गरज-चमक के साथ बारिश का दौर जारी है। इससे ठिठुरन बढ़ने की उम्मीद है। आज भी कहीं-कहीं ओले और बारिश के आसार बने हुए हैं। शुक्रवार को लखनऊ का न्यूनतम तापमान 13 डिग्री सेल्सियस दर्ज हुआ है।
मौसम विभाग के अनुसार, दो दिन तक प्रदेश के अलग-अलग हिस्सों में बारिश और ओले पड़ने की संभावना हैं। बादलों की आवाजाही का क्रम जारी रहेगा। विभाग के अनुसार पश्चिमी विक्षोभ के प्रभाव की वजह से ही बारिश हुई है। ऐसे में फिर से भीषण ठंड पड़ने की संभावना है। आज भी प्रदेश में बूंदाबांदी के साथ तापमान में कुछ गिरावट हो सकती है। शुक्रवार को कानपुर का न्यूनतम तापमान 14 डिग्री सेल्सियस, प्रयागराज का 15 डिग्री सेल्सियस, आगरा का 13 डिग्री, बहराइच का 14 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। गुरुवार को लखनऊ का अधिकतम तापमान 20.7 डिग्री सेल्सियस रहा, जबकि न्यूनतम तापमान 7.1 डिग्री सेल्सियस पहुंच गया था।
कोहरे के कारण दिल्ली आने वाली 19 ट्रेनें लेट
उत्तर भारत के कई हिस्सों में घने कोहरे के कारण दिल्ली आने वालीं 19 ट्रेनें दो से सात घंटे की देरी से चल रही हैं। यह जानकारी रेलवे के अधिकारियों ने शुक्रवार को दी। उत्तर रेलवे के एक वरिष्ठ अधिकारी ने बताया कि भुवनेश्वर-नई दिल्ली राजधानी एक्सप्रेस अपने तय समय से सात घंटे की देरी से चल रही है, वहीं नांदेड़-अमृतसर सचखंड एक्सप्रेस छह घंटे की देरी से चल रही।
जबलपुर-हजरत निजामुद्दीन एक्सप्रेस, हैदराबाद-नई दिल्ली तेलंगाना एक्सप्रेस और लोक मान्या तिलक-हरिद्वार एक्सप्रेस, ये सभी ट्रेनें अपने तय समय से पांच घंटे देर रही। वहीं कटरा-मंगलौर नवयुग एक्सप्रेस 3.30 घंटे देर रही, इसके बाद हावड़ा-नई दिल्ली पूर्वा एक्सप्रेस भी तीन घंटे की देरी से चल रही थी। गुरुवार को भी दिल्ली आने वालीं करीब 21 ट्रेनें देरी से चलीं थी।