रायपुर : छत्तीसगढ़ के चुनावी मिशन में रमन सरकार की विकास यात्रा का एक्शन प्लान तैयार हो गया है। मुख्यमंत्री रमन सिंह का विकास रथ 11 मई से निकलेगा। राज्य के नक्सल प्रभवित दंतेवाड़ा जिले से यात्रा का आगाज होगा। मां दंतेश्वरी की पूजा अर्चना के साथ सीएम यात्रा पर निकलेंगे।
इस दौरान सरकार आम लोगों को योजनाओं के क्रियान्वयन की उपलब्धियां बताएगी। वहीं विकास यात्रा में सत्ता के साथ संगठन की भी भागीदारी होगी। विकास यात्रा के दौरान किसानों और वनवासियों को साधने की कोशिशें भी होगी।
इस दौरान सरकार की ओर से बीते खरीफ सीजन के लिए किसानों को बोनस की राशि का वितरण होगा। वहीं तेंदूपत्ता बोनस के साथ सूखा राहत राशि का भी वितरण होगा। सत्ता और संगठन के तालमेल के साथ आम लोगों के बीच जाकर सरकार के विकास कार्यों का फिर से सोशल आडिट किया जाएगा।
हालांकि पहला चरण एक माह तक 11 जून को खत्म होगा। इसके बाद चुनाव आचार संहिता लगने से पहले तक दूसरे चरण की यात्रा शुरू होगी। अगस्त माह से दूसरे चरण के आगाज की संभावना जताई गई है। विकास यात्रा के दौरान भाजपा के राष्ट्रीय स्तर के दिग्गज नेता भी शामिल होंगे।
वहीं केन्द्रीय मंत्रियों का भी जमावड़ा होगा। चुनावी मिशन के लिहाज से इसे अहम माना जा रहा है। सत्ता और संगठन इस मामले में कोई कसर बाकी छोडऩे के मूड में नहीं है। यात्रा के दौरान भाजपा संगठन की भी जिम्मेदारी तय कर दी गई है। इधर सरकारी अमले में पटवारी से लेकर मुख्य सचिव तक इसमें शामिल रहेंगे।
भाजपा संगठन ने वरिष्ठ नेताओं को प्रभार सौंपकर जवाबदारी तय कर दी है। विकास यात्रा के दौरान पहले चरण में ही करीब 60 विधानसभा सीटों को कवर करने की रणनीति तय की गई है। वहीं दूसरे चरण में शेष 30 सीटों को कवर किया जाएगा। चुनावी लिहाज से रमन सरकार की विकास यात्रा के कई मायने माने जा रहे हैं।
हमारी मुख्य खबरों के लिए यहां क्लिक करें।