कोरोना वायरस से निपटने के लिए लगाए गए लॉकडाउन के बीच सोमवार से शुरू हो रही घरेलू उड़ान सेवाओं के लिए एयरलाइन्स ने पूरी तैयारी कर ली है। विमान सेवा के लिए सरकारी विमानन कंपनी एयर इंडिया ने शुक्रवार से टिकटों की बुकिंग भी शुरू कर दी है। कंपनी ने ट्वीट कर यह जानकारी दी।
एयर इंडिया ने ट्वीट कर कहा कि “एक अच्छी खबर है। आज दोपहर 12:30 बजे से डॉमेस्टिक फ्लाइट्स के टिकट बुकिंग को शुरू कर दिया गया है। उड़ानों के सुरक्षित संचालन के लिए चालक दल के सदस्यों को ‘फेस शील्ड‘, ‘गाउन’ जैसे निजी सुरक्षा उपकरण मुहैया कराए जाएंगे वहीं हर 24 घंटे में विमानों की पूरी तरह सफाई की जाएगी। एयरलाइन्स ने शुक्रवार को कहा कि देश के 24 शहरों के लिए वह अगले कुछ सप्ताह तक कम विमानों का संचालन करेगी। उसने कहा कि चालक दल के सभी सदस्यों को हर समय ‘मास्क’, ‘फेस शील्ड’, ‘गाउन’ सहित निजी सुरक्षा उपकरण (पीपीई) पहनने होंगे।
एयरलाइन्स ने एक बयान में कहा, ‘‘ हर उड़ान के बाद विमान को संक्रमण मुक्त किया जाएगा और हर 24 घंटे में विमान की पूरी तरह सफाई की जाएगी।’’ ‘गोएयर’ के अलावा सभी भारतीय एयरलाइन्स ने 25 मई से शुरू हो रही घरेलू उड़ान सेवा के लिए टिकट बुक करना शुरू कर दिया है।‘एयर एशिया इंडिया’ ने कहा कि पायलटों को उनकी सुरक्षा एवं स्वच्छता बनाए रखने के लिए ‘फेस मास्क’ और ‘सैनिटाइजर’ जैसे पीपीई पर्याप्त मात्रा में उपलब्ध कराए जाएंगे।
उसने एक बयान में कहा, ‘‘हमारे अच्छी तरह से प्रशिक्षित चालक दल के सदस्य ‘मास्क’, ‘फेस शील्ड’, ‘गाउन’ और दस्तानों सहित पर्याप्त पीपीई के साथ काम करेंगे और उन्हें विमान में किसी भी चिकित्सीय स्थिति से निपटने के लिए भी प्रशिक्षित किया गया है।’’ मोदी सरकार ने इस सप्ताह की शुरुआत में 25 मई से क्रमित तरीके से घरेलू उड़ानें शुरू होने की घोषणा की थी।देश में कोरोना वायरस से निपटने के लिए लगे लॉकडाउन के कारण वाणिज्यिक घरेलू और अंतरराष्ट्रीय उड़ानें 25 मार्च से निलंबित हैं।