केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह और पार्टी के कार्यकारी अध्यक्ष जे पी नड्डा ने मंगलवार को जम्मू कश्मीर के पूर्व राज्यपाल जगमोहन मल्होत्रा से मुलाकात की। यह मुलाकात जम्मू कश्मीर को विशेष दर्जा संबंधी अनुच्छेद 370 के प्रावधानों के समाप्त करने के केंद्र के कदम के बाद पार्टी के समाज के प्रबुद्ध लोगों से मुलाकात के ‘सम्पर्क अभियान’ की पहल का हिस्सा है।
भाजपा ने जम्मू कश्मीर को विशेष दर्जा संबंधी अनुच्छेद 370 के प्रावधानों के समाप्त करने के निर्णय के लिए समर्थन जुटाने की पहल के तहत महीने भर का सम्पर्क अभियान शुरू किया है। इस कवायद के तहत पार्टी के नेता एवं कार्यकर्ता देशभर में बैठक कर रहे हैं। जगमोहन (91 वर्ष) को कश्मीर मामलों पर सख्त रूख के लिए जाना जाता है। वे अटल बिहारी वाजपेयी के नेतृत्व वाली भाजपा नीत राजग की पहली सरकार में भी मंत्री रहे थे।

बैठक में शाह और नड्डा के साथ केंद्रीय मंत्री धर्मेन्द्र प्रधान भी मौजूद थे। गौरतलब है कि केंद्र सरकार ने 5 अगस्त को जम्मू कश्मीर को विशेष दर्जा संबंधी अनुच्छेद 370 के अधिकांश प्रावधानों को समाप्त कर दिया था और राज्य को दो केंद्र शासित प्रदेश जम्मू कश्मीर तथा लद्दाख में विभाजित करने का निर्णय किया था।


Download Android App
Download iOS App



