भारत सरकार के गृहमंत्री अमित शाह एक दिवसीय प्रवास पर 22 अप्रैल को मध्य प्रदेश की राजधानी भोपाल आ रहे हैं, वे यहां तेंदूपत्ता संग्राहकों के बोनस वितरण कार्यक्रम में हिस्सा लेने के अलावा भाजपा के दफ्तर में दो घंटे रहने वाले हैं। पार्टी कार्यालय में उनकी वरिष्ठ नेताओं और सरकार के मंत्रियों से चर्चा संभावित है। इसे सियासी तौर पर काफी अहम माना जा रहा है।
अमित शाह का ऐतिहासिक होगा स्वागत सत्कार – विष्णुदत्त शर्मा भाजपा अध्यक्ष मध्यप्रदेश
भाजपा के प्रदेशाध्यक्ष विष्णुदत्त शर्मा ने बुधवार को मीडिया से चर्चा करते हुए कहा कि 22 अप्रैल को केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह का भोपाल में ऐतिहासिक स्वागत-सत्कार होगा। उनके भोपाल आगमन पर कार्यकर्ता व्यापक उत्साह और उमंग के साथ उनके स्वागत के लिए तैयार हैं।
भाजपा कार्यालय में पदाधिकारियों की बैठक लेंगे अमित शाह
शर्मा ने कहा कि 22 अप्रैल को गृहमंत्री अमित शाह का आगमन भोपाल में हो रहा है। यहां वे जंबूरी मैदान में लाखों तेंदूपत्ता संग्राहकों के बोनस का वितरण करेंगे। वे भोपाल आगमन के दौरान प्रदेश कार्यालय पहुंचेंगे और कार्यकर्ताओं का मार्गदर्शन करेंगे। गृहमंत्री दो घंटे भाजपा के प्रदेश कार्यालय में रहेंगे, इस बीच अनौपचारिक तौर पर पार्टी के प्रदेश पदाधिकारियों एवं कार्यकर्ताओं के साथ में उनकी बैठक होगी।
आगामी चुनाव के लिए अमित शाह का मध्यप्रदेश दौरा अहम
भाजपा के चाणक्य माने जाने वाले गृहमंत्री अमित शाह के पार्टी के प्रदेश कार्यालय के दो घंटे के प्रवास को काफी अहम माना जा रहा है, क्योंकि अगले साल राज्य में विधानसभा के चुनाव होने वाले हैं। वे यहां एक तरफ जहां पार्टी कार्यकर्ताओं की बैठक करेंगे वहीं राज्य सरकार के मंत्रियों से भी चर्चा संभावित है। इस प्रवास को संगठन और सरकार के फीडबैक के तौर पर भी देखा जा रहा है।
आदिवासी वोटबैंक पर भाजपा की नजर
ज्ञात हो कि राज्य में भाजपा का खास जोर आदिवासी वर्ग को लुभाने पर है, यही कारण है कि इस वर्ग को अपने से जोड़ने के लिए विविध कार्यक्रम हो रहे हैं। गृहमंत्री शाह का लगभग सात माह पहले जबलपुर आगमन हुआ था और अनुसूचित जनजाति वर्ग के कार्यक्रम में हिस्सा लिया था, वहीं प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी 15 नवंबर को भोपाल आए थे और जनजातीय गौरव दिवस के कार्यक्रम में शामिल हुए थे। अब गृहमंत्री का फिर आना हो रहा है।