वायुसेना के एएन-32 विमान हादसे में जान गंवाने वाले वायुसेना के 6 कर्मियों के शव और सात अन्य लोगों के पार्थिव अवशेष बरामद किए जा चुके हैं। आधिकारिक सूत्रों ने गुरुवार को यह जानकारी दी। पिछले एक सप्ताह से भी अधिक समय से भारतीय वायुसेना दुर्घटनास्थल पर शव बरामद करने की कोशिश कर रही थी।
खराब मौसम की वजह से हवाई अभियानों में लगातार दिक्कत आ रही थी। एएन-32 विमान तीन जून को लापता हुआ था और इसके मलबे का पता 11 जून को चल पाया। गौरतलब है की वायुसेना का एक एएन-32 विमान 3 जून को असम के जोरहाट से उड़ान भरने के बाद से लापता हो गया था। उसमें चालक दल के सदस्यों समेत कुल 13 लोग सवार थे।
विमान ने जोरहाट से दोपहर बाद 12.25 बजे उड़ान भरी थी। वह अरुणाचल प्रदेश के वेस्ट सियांग जिले में स्थित मेचुका एडवांस लैंडिंग ग्राउंड जा रहा था। रास्ते में अपराह्न 1:00 बजे के करीब संबद्ध एजेंसियों से विमान का संपर्क टूट गया। उसके बाद से विमान से कोई संपर्क नहीं हो पाया है। विमान के गंतव्य तक नहीं पहुँचने पर वायुसेना ने जरूरी कार्रवाई शुरू की थी।