कांग्रेस की भारत जोडो यात्रा इन दिनों जम्मू कश्मीर में प्रवेश कर चुकी है। इस यात्रा के दौरान कांग्रेस नेता राहुल गांधी को काफी जनसमर्थन मिल रहा है। इस बीच आज भारत जोडो यात्रा के दौरान दिग्विजय सिंह ने एक बार फिर सर्जिकल स्ट्राइक पर सवाल उठाए। उन्होंने जम्मू के सतवारी चौक में कहां कि मोदी जी ने सर्जिकल स्ट्राइक बात कही लेकिन कभी उसका कोई प्रमाण नहीं दिया।
दिग्विजय सिंह ने कहा कि भाजपा झूठ की राजनीति करती है। भाजपा का काम केवल हिंदू मुसलमान में नफरत फैलाकर वोट की राजनीति करना है । उन्होंने कहा कि भाजपा किसी भी प्रकार का कोई काम नहीं करना चाहती है न किसी प्रकार की समस्या का निदान करना चाहती है।
सर्जिकल स्ट्राइक पर उठाए सवाल
उन्होंने कहा अगर प्रधानमंत्री जी को पाकिस्तान से नाराजगी है तो वह बिना बुलाए नवाज शरीफ के घर क्यों गए थे? उन्होंने कहा कि पुलवामा हमले की जानकारी संसद के समक्ष नहीं रखी गई। दिग्विजय सिंह ने कहा कि जम्मू कश्मीर से अनुच्छेद 370 को हटाए जाने के बाद भी घाटी में आतंकवाद पर लगाम नहीं लगी है। उन्होंने राजौरी के डांगरी गांव और जम्मू गढ़वाल में हुए आतंकवादी हमलों की निंदा की। उन्होंने कहा कि टारगेट किलिंग के मामले लगातार बढ़े हैं। पूर्व मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री ने पुलवामा की घटना को केंद्र सरकार की चूक करार दिया। दिग्विजय सिंह ने कहा कि केंद्र सरकार को पता था पुलवामा सुरक्षा के लिहाज से एक संवेदनशील इलाका है। सैनिकों को हवाई जहाज से कश्मीर क्यों नहीं भेजा गया?आखिर जिस गाड़ी के टकराने से 40 जवान शहीद हो गए थे उसे क्यों नहीं चेक किया गया था?
पाकिस्तान में घुस कर मारे थे आतंकवादी
बता दें साल 2019 में पुलवामा में एक बड़ा आतंकवादी हमला हुआ था। जिसमें सीआरपीएफ के 40 जवान शहीद हो गए थे। इस हमले की जिम्मेवारी जैश-ए-मोहम्मद नामक आतंकवादी समूह ने ली थी। वहीं, उरी पर भी आतंकी हमला हुआ था जिसके बाद भारतीय जवानों ने पाकिस्तान में घुसकर सर्जिकल स्ट्राइक की थी। सर्जिकल स्ट्राइक को लेकर कांग्रेस लगातार सवाल उठाती रही है। अब कांग्रेस नेता दिग्विजय सिंह ने इस मुद्दे को उठा कर नई बेहस की शुरुआत की है।