पटना : मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने राज्य की लंबित सिचाई परियोजनाओं का कार्य शीघ, पूरा कराने पर बल देते हुए कहा कि इन कार्यों को पूरा कराने के लिए सरकार तेजी से काम कर रही है और साथ ही बाढ़ नियंत्रण कार्यों पर भी विशेष ध्यान दिया जा रहा है। श्री कुमार ने यहां कहलगांव में चिरप्रतीक्षित चालीस साल पुरानी एवं करीब चार सौ करोड़ की लागत वाली बटेश्वर स्थान गंगा पंप नहर परियोजना का उद्घाटन करने के बाद समारोह को संबोधित करते हुये कहा कि राज्य की लंबित सिचाई परियोजनाओं का कार्य शीघ, पूरा कराने के लिए सरकार तेजी से काम कर रही है। उन्होंने कहा कि इसके साथ ही बाढ़ नियंत्रण कार्यों पर भी विशेष ध्यान दिया जा रहा है।
उन्होंने कहा कि बटेश्वरस्थान गंगा पंप नहर परियोजना के चालू होने से बिहार एवं झारखंड के किसानों को सिंचाई के लिए पर्याप्त पानी मिलने लगेगा और अब उनके खेतों में हरियाली आयेगी क्योंकि यह दोनों राज्यों की महत्वपूर्ण सिचाई परियोजना है। मुख्यमंत्री ने कहा कि बिहार की बड़ी-छोटी अधूरी सिंचाई परियोजनाओं का कार्य प्राथमिकता के तौर पर पूरा करने की दिशा में जल संसाधन विभाग हरसंभव प्रयास कर रहा है। इसके अलावा बाढ़ की विभीषिका से बचाव के लिए बाढ़ नियंत्रण के काम तेजी से कराये जा रहे हैं। इससे प्रदेश के किसानों को भरपूर फायदा होने के साथ ही आर्थिक लाभ भी होगा।
श्री कुमार ने कहा कि कृषि रोडमैप के तहत किसानों को कई तरह की सुविधाएं जैसे उत्पादन में वृद्धि तथा सिंचाई के साधन उपलब्ध कराने की दिशा में तेजी से काम कराये गये हैं। उन्होंने कहा कि आज कृषि क्षेत्र में कई परिवर्तन आये हैं। कृषि पर आधारित राज्य के 76 प्रतिशत लोगों की आजीविका और आमदनी मे वृद्धि करने के लिए उनकी सरकार तेजी से काम कर रही है। उनकी कोशिश है कि हर भारतीय की थाली में कम से कम एक बिहारी व्यंजन हो।
मुख्यमंत्री ने कहा कि बिहार के हर गांव एवं गली में बिजली, सड़क, पानी जैसी मूलभूत सुविधाएं उपलब्ध कराने की दिशा में तेजी से काम किये जा रहे हैं। वर्तमान में ग्रामीण क्षेत्रों की स्थितियों में व्यापक सुधार आया है। वहीं, लोक सेवा कानून का कड़ई से पालन कराने के लिए एक नयी तकनीक विकसित की जा रही है ताकि इस कानून का उल्लंघन करने वाले लोगों को दंडित किया जा सके। उन्होंने कहा कि वर्तमान में दो करोड़ लोगों की शिकायतों का निपटारा किया जा चुका है जबकि 17 करोड़ लोग लोक सेवा से लाभान्वित हो चुके हैं।
इस मौके पर उप मुख्यमंत्री सुशील कुमार मोदी ने कहा कि प्रदेश के किसानों को सिंचाई की सुविधा मुहैय्या कराने के लिए राज्य सरकार वचनबद्ध है। खेतों में पानी पहुंचाने के लिए अलग फीडर की व्यवस्था की जा रही है और इससे दो साल मे खेतों को सीधे बिजली मिलने लगेगी। उन्होंने कहा कि भागलपुर जिले के कहलगांव से सुलतानगंज तक के गंगा में डॉल्फिन संरक्षण क्षेत्र, ऐतिहासिक विक्रमशिला और बटेश्वरस्थान के पर्यटन की महत्ता को देखते हुए जल्द ही गंगा नदी में चौबीस सीट वाले स्टीमर चलाये जायेंगे।
इससे पूर्व जल संसाधन मंत्री ललन सिंह ने आगत अतिथियों का स्वागत करते हुए कहा कि बटेश्वरस्थान गंगा पंप नहर परियोजना काफी उपयोगी है। इस मौके पर समारोह को बिहार विधानसभा सभा के पूर्व अध्यक्ष एवं स्थानीय विधायक सदानंद सिंह, राज्यसभा सदस्य कहकशां परवीन एवं विधान पार्षद एन। के। यादव ने भी संबोधित किया।
देश और दुनिया का हाल जानने के लिए जुड़े रहे पंजाब केसरी के साथ।