कांग्रेस की भारत जोड़ो यात्रा (Bharat Jodo Yatra) एक बार फिर चर्चा का केंद्र बन चुकी हैं। विश्व भर में कोरोना की बढ़ती रफ्तार को देखते हुए भारत सरकार ने भी अपनी कमर कस ली हैं। राहुल गांधी (Rahul Gandhi) की देशव्यापी यात्रा में उनके लाखों समर्थक कदम-कदम से मिलाकर चल रहे हैं। इसी के मद्देनजर केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्री मनसुख मांडविया ने राहुल गांधी को पत्र लिखकर भारत जोड़ो यात्रा में कोरोना नियमों की पालन की बात कही है।
वहीं कांग्रेस इसे यात्रा को डिस्टर्ब करने की साजिश बता रही है। राजस्थान के मुख्यमंत्री अशोक गहलोत (Ashok Gehlot) ने केंद्र पर निशाना साधते हुए कहा, भारत जोड़ो यात्रा में उमड़ी भारी भीड़ से भारतीय जनता पार्टी और मोदी सरकार इतनी घबरा गई है कि केन्द्रीय स्वास्थ्य मंत्री को राहुल गांधी को कोविड प्रोटोकॉल की पालना करने हेतु पत्र लिख रहे हैं।
अगर केन्द्रीय स्वास्थ्य मंत्री का उद्देश्य राजनीतिक ना होकर उनकी चिंता जायज है तो उन्हें सबसे पहला पत्र प्रधानमंत्री को लिखना चाहिए था।
— Ashok Gehlot (@ashokgehlot51) December 21, 2022
साथ ही गहलोत ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की दो दिन पहले त्रिपुरा में हुई रैली का जिक्र करते हुए कहा कि इस सभा में किसी भी कोविड प्रोटोकॉल की पालना नहीं हुई। उन्होंने कहा, अगर केन्द्रीय स्वास्थ्य मंत्री का उद्देश्य राजनीतिक ना होकर उनकी चिंता जायज है तो उन्हें सबसे पहला पत्र प्रधानमंत्री को लिखना चाहिए था।
अनुराग ठाकुर ने किया पलटवार
कांग्रेस द्वारा किए जा रहे हमले पर पलटवार करते हुए केंद्रीय मंत्री अनुराग ठाकुर ने गांधी परिवार को आड़े हाथों लिया। उन्होंने कहा, क्या एक परिवार सभी प्रोटोकॉल से ऊपर है? कांग्रेस में राष्ट्रीय अध्यक्ष से अधिक एक परिवार को मान्यता मिलती है लेकिन कोविड प्रोटोकॉल का तो उनको पालन करना होगा।