राजस्थान की कांग्रेस सरकार की ओर से अंसतुष्ट नेताओं का फोन टेपिंग का मुद्दा शुक्रवार को राज्यसभा में भाजपा सांसद भूपेंद्र यादव ने बड़े ही जोर-शोर से उठाया, जिसके बाद सदन कांग्रेस नेताओं ने खूब हंगामा किया। इस दौरान सभापति वेंकैया नायडू ने भी आरोप-प्रत्यारोप के मामले में हस्तक्षेप किया।
भाजपा के राष्ट्रीय महासचिव और राज्यसभा सदस्य भूपेंद्र यादव ने कहा, राजस्थान की कांग्रेस सरकार ने स्वीकार किया है कि फोन टेप किये गए हैं। यह लोकतंत्र की गरिमा, नागरिकों के सम्मानपूर्वक जीवन व संविधान के अनुच्छेद-21 की भावना के खिलाफ है। ऐसा होने से नागरिकों, मीडिया व सार्वजनिक जीवन में लोगों के अधिकारों के संरक्षण को लेकर प्रश्न खड़े होते हैं। भाजपा के राजस्थान से राज्यसभा सांसद भूपेंद्र यादव ने आरोप लगाया कि देश भर में कांग्रेस की सरकारों की ओर से फोन टैप किए जा रहे हैं।
राजस्थान की छह करोड़ जनता, लोकतंत्र और कांग्रेस के असंतुष्ट नेताओं की निजता के अधिकार को कांग्रेस की सरकार खंडित कर रही है। उन्होंने नेताओं के निजता के अधिकार की रक्षा की अपील की। बता दें कि राजस्थान विधानसभा में फोन टैपिंग को लेकर हुए एक सवाल के जवाब में सरकार ने बताया है कि सक्षम अधिकारियों की अनुमति के बाद ही फोन टैप किए जाते हैं। इसके बाद भाजपा ने इसे बड़ा मुद्दा बनाते हुए कांग्रेस की अशोक गहलोत सरकार से इस्तीफे की मांग की है।