भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) की दिल्ली इकाई का अनुसूचित मोर्चा आज यानि रविवार को रामलीला मैदान में भीम महासंगम कार्यक्रम के तहत समरसता खिचड़ी का आयोजन कर रहा है जिसमें 25 हजार लोग एक साथ भोजन करेंगे।
दिल्ली भाजपा अध्यक्ष मनोज तिवारी ने बताया कि यह कार्यक्रम नरेंद्र मोदी को पुन: देश का प्रधानमंत्री बनाने के संकल्प के साथ आयोजित होगा। कार्यक्रम में अनुसूचित समाज के परिवारों से एकत्रित 5000 किलो दाल और चावल एक ही बर्तन में पकाकर खिचड़ी बनाई जाएगी।
तिवारी ने कार्यक्रम की चार मुख्य विशेषताएं गिनाते हुए कहा कि एक तो यह कि मोदी को फिर से देश का प्रधानमंत्री बनाने के लिए अनुसूचित समाज के लोगों से प्रतीक के रुप में एक मुट्ठी चावल और आधा मुट्ठी दाल मांगी गई थी और इस समाज से इसे एकत्रित किया गया।
दूसरा यह कि गिनीज बुक आफ वर्ल्ड रिकॉर्ड में अभी तक तीन हजार किलो भोजन एक बर्तन में बनाने का रिकार्ड नागपुर के शेफ विष्णु मनोहर के नाम है। वही विष्णु मनोहर समरसता खिचड़ी कार्यक्रम में पांच हजार किलो खिचड़ी एक ही बर्तन में पकाकर नया रिकार्ड बनायेंगे।
उन्होंने बताया कि इस कार्यक्रम की तीसरी विशेषता यह है कि पार्टी के कार्यकर्ता पिछले तीन महीने से इस कार्य में जुटे हुए थे और तीन लाख अनुसूचित परिवारों से यह अनाज इकट्ठा किया है जो मोदी को पुन: प्रधानमंत्री के रुप में देखना चाहता है। इससे यह स्पष्ट होता है कि अनुसूचित समाज मोदी जी को पुन प्रधानमंत्री बनाने के लिए कितना जागरुक हैं।
चौथी विशेषता यह है कि इस अभियान को सफल बनाने के लिए 14 लाख संकल्प पत्र बनवाये गए थे और उनके माध्यम से अनुसूचित जाति मोर्चा के कार्यकर्ताओं ने 14 लाख लोगों से संपर्क कर केंद्र सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी दी।
राष्ट्रीय परिषद में PM मोदी खाएंगे खिचड़ी
कार्यक्रम के संयोजक और दिल्ली भाजपा उपाध्यक्ष अभय वर्मा ने बताया कि 25 हजार लोगों के एक साथ बैठकर भोजन करने की व्यवस्था ऐतिहासिक रामलीला मैदान में ही की गई है। उन्होंने बताया कि इस सकारात्मकता के माध्यम से नरेंद्र मोदी को फिर प्रधानमंत्री बनाने का संकल्प लिया जायेगा।