बनगांव (पश्चिम बंगाल) : पश्चिम बंगाल में उत्तर 24 परगना जिले के बनगांव में मंगलवार को सत्तारूढ़ तृणमूल कांग्रेस और भाजपा के सदस्यों के बीच स्थानीय नगर निकाय में एक विश्वास प्रस्ताव को लेकर संघर्ष हुआ और नगर निगम कार्यालय के सामने बम फेंके गए।
हालांकि, इस दौरान किसी के घायल होने या इस मामले में किसी की गिरफ्तारी की कोई सूचना नहीं मिली है।
पुलिस ने बताया कि संघर्ष के दौरान बम फेंके गए। यह घटना बनगांव नगर पालिका कार्यालय के सामने हुई।
उन्होंने बताया कि घटना के बाद सीआरपीसी की धारा 144 के तहत निषेधाज्ञा लागू कर दी गई और त्वरित कार्रवाई बल के जवानों को तैनात किया गया।
भाजपा और तृणमूल कांग्रेस इस हिंसा के लिए एक दूसरे को दोषी ठहरा रहे हैं। यह हिंसा उस समय आरंभ हुई जब भगवा दल के दो सभासदों को विश्वास मत में भाग लेने से कथित रूप से रोक दिया गया था।
पुलिस इलाके में गश्त कर रही है। भाजपा ने दावा किया कि पुलिस ने उसके सदस्यों पर लाठीचार्ज किया और आंसू गैस के गोले छोड़े।


Download Android App
Download iOS App



