चुनाव आयोग 14 राज्यों में होने वाले उपचुनाव की तारीख का एलान कर दिया गया है। 30 अक्टूबर को कुल तीन लोकसभा सीटों और 30 विधानसभा सीटों पर उपचुनाव होंगे। मतों की गिनती दो नवंबर को होगी। आयोग ने महामारी, बाढ़, त्योहारों, कुछ क्षेत्रों में ठंड की स्थिति, संबंधित राज्यों / केंद्र शासित प्रदेशों से प्रतिक्रिया की समीक्षा की और सभी तथ्यों और परिस्थितियों को ध्यान में रखते हुए उपचुनाव कराने की तारीख का निर्णय लिया है।
जिन तीन लोकसभा सीटों पर उपचुनाव होने हैं, उनमें केंद्रशासित प्रदेश के दादर और नगर हवेली, दमन दीव, हिमाचल प्रदेश के तीन संसदीय क्षेत्र और मध्य प्रदेश की खंडवा सीट है। इसके अलावा 13 राज्यों के 30 विधानसभा सीटों पर उपचुनाव होंगे। इन राज्यों में मध्य प्रदेश, असम, आंध्र प्रदेश, महाराष्ट्र और पश्चिम बंगाल सहित कुल 13 राज्यों शामिल हैं।
पश्चिम बंगाल की चार सीटों पर उपचुनाव होने हैं तो वहीं असम में पांच और मेघालय, मध्य प्रदेश और हिमाचल प्रदेश की तीन तीन सीटों पर उपचुनाव होंगे। राजस्थान, बिहार और कर्नाटक की दो दो विधानसभा सीटों पर उपचुनाव होंगे तो वहीं मिजोरम, तेलंगाना, नागालैंड, महाराष्ट्र, आंध्र प्रदेश और हरियाणा की एक सीट पर उपचुनाव होंगे।
वहीं आंध्र प्रदेश का चुनाव क्षेत्र बडवेल है, तो असम के गोसाईगांव भबनीपुर, तमुलपुर, मरियानी, थौरा है, वहीं बिहार का चुनाव क्षेत्र कुशेश्वर अस्थान, तारापुर है। हरियाणा के ऐलनाबाद में उपचुनाव होंगे तो वहीं हिमाचल प्रदेश के फतेहपुर और अर्की में उपचुनाव होने हैं।
इससे पहले 30 सितंबर को कोलकाता की भबानीपुर सीट पर विधानसभा उपचुनाव हो रहा है। यह चुनाव बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी के लिए महत्वपूर्ण है। पश्चिम बंगाल में भवानीपुर सीट पर उपचुनाव के मामले में बीजेपी का एक प्रतिनिधिमंडल आज चुनाव आयोग से मुलाकात करने वाला है। इस प्रतिनिधिमंडल में बीजेपी नेता भूपेंद्र यादव, मुख्तार अब्बास नकवी और अनुराग ठाकुर शामिल हैं।