प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की कैबिनेट में विस्तार की अटकलों के बीच राजनीति गलियारों में हलचल तेज हो गयी है। इस बीच कई नेताओं को दिल्ली बुलाया गया है। मध्य प्रदेश से राज्यसभा सदस्य ज्योतिरादित्य सिंधिया, महाराष्ट्र में पार्टी के बड़े नेता नारायण राणे और असम के पूर्व मुख्यमंत्री सर्वानंद सोनोवाल को दिल्ली बुलाया गया है।
मंगलवार को ज्योतिरादित्य सिंधिया उज्जैन दौरे के लिए रवाना हो गए थे, परन्तु दिल्ली बुलाये जाने के बाद उन्होंने अपना ये दौरा रद्द कर दिया है। अब वे दोपहर 3.30 बजे फ्लाइट से दिल्ली के रवाना होंगे। असम के पूर्व मुख्यमंत्री सर्बानंद सोनोवाल दिल्ली के लिए रवाना हो गए हैं। लोक जनशक्ति पार्टी (लोजपा) के नेता पशुपति पारस को भी केंद्रीय कैबिनेट में जगह मिल सकती है।
इस बीच प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की होने वाली मंत्रिमंडल की बैठक रद्द कर दी गई है, इस बैठक में पीएम मोदी समेत अमित शाह और जेपी नड्डा जैसे बड़े चेहरे शामिल होने वाले थे। आज शाम को 5 बजे होने वाली इस मीटिंग में केंद्रीय कैबिनेट में फेरबदल और विस्तार के मुद्दे पर बात होने की चर्चाएं की जा रही थीं।
20 जून को हुई मीटिंग में पीएम मोदी ने 2019 से लेकर 2021 तक सरकार के कामकाज के मुद्दे पर बात की थी और मंत्रियों का फीडबैक लिया था। केंद्रीय कैबिनेट में कुल 79 मंत्री हो सकते हैं, जिनमें से फिलहाल 53 ही हैं। इस तरह से 26 नए मंत्रियों के लिए पद खाली हैं। मोदी सरकार के दूसरे कार्यकाल में यह पहला मौका है, जब कैबिनेट विस्तार की चर्चा चल रही है। इसकी वजह अगले साल 5 राज्यों में होने वाले चुनावों को भी माना जा रहा है।