सूचना और प्रसारण मंत्रालय ने मंगलवार को कहा कि उन्होंने भारत की राष्ट्रीय सुरक्षा, विदेश संबंधों और सार्वजनिक व्यवस्था से संबंधित दुष्प्रचार फैलाने के लिए आईटी नियम 2021 के तहत आपातकालीन शक्तियों का उपयोग करते हुए 22 यूट्यूब चैनल, तीन ट्विटर अकाउंट और एक फेसबुक अकाउंट को ब्लॉक कर दिया है। 22 चैनलों में से 18 भारतीय यूट्यूब समाचार चैनल हैं और 4 पाकिस्तान स्थित यूट्यूब समाचार चैनल हैं।
जानें किन चैनलों को किया गया ब्लॉक?
एआरपी न्यूज, एओपी न्यूज, एलडीसी न्यूज, सरकार बाबू, एसएस जोन हिंदी, स्मार्ट न्यूज, न्यूज 23 हिंदी, ऑनलाइन खबर, डीपी न्यूज, पीकेबी न्यूज, किसानतक, बोराना न्यूज, सरकार न्यूज अपडेट, भारत मौसम, आरजे जोन 6, परीक्षा रिपोर्ट, डिजी गुरुकुल और दिनभर की खबरें भारतीय चैनल ब्लॉक हैं।
दुनिया मेरी आगी, गुलाम नबी मदनी, हकीकत टीवी और हकीकत टीवी 2.0 चार पाकिस्तानी यूट्यूब न्यूज चैनल हैं। दुनिया मेरी आगी की वेबसाइट, ट्विटर अकाउंट और फेसबुक अकाउंट को भी ब्लॉक कर दिया गया है, जबकि गुलाम नबीमदनी और हकीकत टीवी के ट्विटर अकाउंट को ब्लॉक कर दिया गया है। मंत्रालय ने कहा कि अवरुद्ध चैनलों की कुल दर्शकों की संख्या 260 करोड़ है। चैनलों ने फर्जी खबरें फैलाईं और जम्मू-कश्मीर, यूक्रेन और भारतीय सेना जैसे संवेदनशील विषयों पर सोशल मीडिया पर दुष्प्रचार किया।
पाकिस्तान चैनलों पर भारत के खिलाफ दिखाई जा रही थी झूठी खबरें
सूचना और प्रसारण मंत्रालय ने कहा कि पाकिस्तान से “कई यूट्यूब चैनलों का उपयोग विभिन्न विषयों जैसे कि भारतीय सशस्त्र बलों, जम्मू और कश्मीर आदि मुद्दों पर फर्जी समाचार पोस्ट करने के लिए किया गया था। सरकार ने इन्हें भी ब्लॉक करने का आदेश दिया है, क्योंकि ब्लॉक किये गए इन चैनलों से पोस्ट की गई कुछ सामग्री भारत विरोधी मानी जा रही है। वहीं भारतीय यूट्यूब चैनलों पर यह देखा गया है कि इन पर यूक्रेन में चल रही स्थिति से संबंधित बड़ी मात्रा में झूठी सामग्री प्रकाशित की गई और इसका उद्देश्य अन्य देशों के साथ भारत के विदेशी संबंधों को खतरे में डालना है।”
इन चैनलों में माध्यम से जनता को किया जा रहा था गुमराह
केंद्र ने कहा कि इन चैनलों ने दर्शकों को गुमराह करने के लिए अपने समाचार एंकरों की छवियों के साथ कुछ टीवी समाचार चैनलों के टेम्प्लेट का इस्तेमाल किया। झूठे थंबनेल का इस्तेमाल किया गया, साथ ही वीडियो के वायरल होने को सुनिश्चित करने के लिए शीर्षक और थंबनेल को बार-बार बदला गया। पाकिस्तानी चैनलों में भी व्यवस्थित रूप से भारत विरोधी फर्जी खबरें थीं। इस अवरोधन के साथ मंत्रालय ने दिसंबर 2021 से राष्ट्रीय सुरक्षा से संबंधित आधार पर 78 यूट्यूब समाचार चैनलों और कई सोशल मीडिया खातों को अवरुद्ध कर दिया है।
केंद्र चाहती है भरोसेमंद मीडिया वातावरण
केंद्र ने कहा “भारत सरकार एक प्रामाणिक, भरोसेमंद और सुरक्षित ऑनलाइन समाचार मीडिया वातावरण सुनिश्चित करने के लिए प्रतिबद्ध है, और भारत की संप्रभुता और अखंडता, राष्ट्रीय सुरक्षा, विदेशी संबंधों और सार्वजनिक व्यवस्था को कमजोर करने के किसी भी प्रयास को विफल करती है।”