केन्द्र सरकार की ओर से देश के विभिन्न राज्यों तथा केन्द्र शासित प्रदेशों को अब तक कोविड-19 रोधी टीकों की 116.58 करोड़ से अधिक खुराक उपलब्ध कराई जा चुकी हैं। केन्द्रीय स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण मंत्रालय ने रविवार को यह जानकारी दी। मंत्रालय ने कहा कि राज्यों तथा केन्द्र शासित प्रदेशों के पास कोविड-19 रोधी टीकों की 15.77 करोड़ से अधिक खुराकें अब भी उपलब्ध हैं, जिनका इस्तेमाल किया जाना बाकी है।
मंत्रालय ने कहा कि टीके की अधिक खुराकों की उपलब्धता के माध्यम से राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों में टीकाकरण अभियान को तेज किया गया है। इसके अलावा राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों को टीके की उपलब्धता के बारे में नियमित रूप से सूचित किया जाता है ताकि उनके द्वारा बेहतर योजना बनाई जा सके और टीका आपूर्ति श्रृंखला को सुव्यवस्थित किया जा सके। गौरतलब है कि देश में चलाए जा रहे राष्ट्रव्यापी टीकाकरण अभियान के तहत केन्द्र सरकार विभिन्न राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों को नि:शुल्क टीके उपलब्ध करा इस अभियान को सफल बनाने में सहयोग कर रही है।
जानिए देशभर में आज कितने कोरोना मामलों की हुई पुष्टि
भारत में पिछले 24 घंटे में कोरोना वायरस के 11 हजार के करीब मामले दर्ज हुए, इसके साथ ही देश में कुल संक्रमितों की संख्या 3,43,44,683 हो गई। वहीं एक्टिव केस की संख्या बढ़कर 1,46,950 हो गई। इस दौरान 392 लोगों की मौत के बाद कुल मृतकों की संख्या 4,60,265 तक पहुंच गई। केंद्र स्वास्थ्य मंत्रालय की ओर से शुक्रवार को जारी आंकड़ों के अनुसार, संक्रमण से 392 और लोगों की मौत के बाद मृतक संख्या बढ़कर 4,60,265 हो गई। देश में पिछले 29 दिन से कोविड-19 के दैनिक मामले 20 हजार से कम हैं और 132 दिन से 50 हजार से कम नए दैनिक मामले सामने आ रहे हैं।