नयी दिल्ली : सरकार ने 17 जून से शुरू हो रहे संसद सत्र के लिए बुधवार को विपक्षी दल कांग्रेस का सहयोग मांगा।
सूत्रों के अनुसार, संसदीय कार्य मंत्री प्रह्लाद जोशी ने अपने मंत्रालय के दो राज्य मंत्रियों अर्जुन राम मेघवाल और वी मुरलीधरन के साथ राज्यसभा में विपक्ष के नेता गुलाम नबी आजाद से यहां उनके आवास पर मुलाकात की।
मंत्रियों ने ईद-उल-फित्र के मौके पर कांग्रेस के वरिष्ठ नेता को शुभकामनाएं दी और आगामी संसद सत्र में उनकी पार्टी का सहयोग मांगा।
सूत्रों ने बताया कि सरकार ने लोकसभा सत्र के मद्देनजर 16 जून को संसद में सर्वदलीय बैठक बुलाई है जहां वह संसद सत्र के सुचारू संचालन में सभी राजनीतिक दलों का सहयोग मांगेगी।
लोकसभा सत्र की शुरुआत 17 जून से होगी। पहले दो दिनों में नए सांसदों के शपथ लेने के बाद 19 जून को अध्यक्ष का चुनाव किया जाएगा।
राष्ट्रपति रामनाथ कोविंद 20 जून को संसद के दोनों सदनों की संयुक्त बैठक को संबोधित करेंगे।


Download Android App
Download iOS App



