पटना : बिहार के श्रम संसाधन मंत्री विजय कुमार सिन्हा ने कहा है कि बाल श्रम का उपयोग सामाजिक अपराध है। बच्चों से अमानुषिक कार्य करने वालों के खिलाफ राज्य सरकार कड़ी कार्रवाई करेगी। इस मुत्तल्लिक बाल श्रम मुक्त समाज बनाने की दिशा में विभाग कृतसंकल्पित है।
श्री सिन्हा प्रदेश भाजपा मुख्यालय के सहयोग कार्यक्रम के बाद पत्रकारों से बातचीत कर रहे थे। उन्होंने कहा कि विभाग ने एक अभियान चलाकर तीन महीने के भीतर सभी जिलों को बाल श्रम मुक्त कराने की दिशा में ठोस कार्रवाई करने का श्रम अधीक्षकों को निर्देश दिया है।
श्रम अधीक्षकों को यह घोषणा करनी होगी कि- यह शहर बाल श्रम मुक्त है। सभ्य समाज के लिए बाल श्रम एक सामाजिक अभिशाप है जिसमें बच्चों को वर्तमान ही नहीं भविष्य बर्वाद होता है। उन्होंने स्वयंसेवी संगठनों से भी बाल श्रम मुक्त करने के अभियान में पहल करने का आग्रह किया है। श्रम विभाग ने जनहित में वाट्सएप नं.-9471229133 जारी किया है जिस पर आम लोग भी बाल श्रम से संबंधित शिकायत दर्ज करा सकते हैं।
पथ निर्माण मंत्री नंदकिशोर यादव के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के साथ जापान दौरा पर रहने के कारण आज वे सहयोग कायक्रम में उपस्थित नहीं हो सके।
कार्यक्रम में सिमरिया (बेगूसराय) के रामजी झा, महेश प्रसाद गुप्ता, राजीव कुमार, जहानाबाद के पंकज कुमार, सिवान के दिव्यांग राजन कुमार, पटना के अशोक सिंह सहित अनेक लोगों ने अपनी शिकायतों से मंत्री को अवगत कराया। मौके पर प्रदेश मीडिया प्रभारी पंकज सिंह, राकेश कुमार सिंह, सरोज रंजन पटेल, अजय यादव, अक्षय कुमार मौजूद थे।
अधिक लेटेस्ट खबरों के लिए यहां क्लिक करें।