हुगली : पश्चिम बंगाल में हुगली जिले के गुरप गांव में भाजपा और तृणमूल कांग्रेस के कार्यकर्ताओं के बीच कथित तौर पर ‘‘जय श्री राम’’ के नारे को लेकर संघर्ष हो गया और एक पुलिस रिवाल्वर से दुर्घटनावश चली गोली से एक व्यक्ति गंभीर रूप से घायल हो गया। पुलिस ने बृहस्पतिवार को यह जानकारी दी।
यह संघर्ष बुधवार की देर रात हुआ हुआ था और बृहस्पतिवार की सुबह भी गांव से हिंसा की खबरें है।
एक वरिष्ठ जिला पुलिस अधिकारी ने बताया कि पार्टी के राज्य महासचिव राजू बनर्जी के नेतृत्व में भाजपा कार्यकर्ताओं ने गुरप पुलिस थाने पर कथित तौर पर हमला किया, दो पुलिस वाहनों में तोड़फोड़ की और सड़क जाम कर दी।
उन्होंने बताया कि भाजपा कार्यकर्ता अपनी सर्विस रिवाल्वर से कथित तौर पर गोली चलाने वाले पुलिसकर्मियों की गिरफ्तारी की मांग कर रहे थे।
हुगली के पुलिस अधीक्षक (एसपी) सुखेन्दु हीरा ने बताया कि यह दुर्घटनावश गोलीबारी बुधवार की रात लगभग 11 बजकर 45 मिनट पर तब हुई जब पुलिस का एक दल भाजपा और तृणमूल कांग्रेस के कार्यकर्ताओं के बीच ‘‘झगड़े’’ के बारे में स्थानीय लोगों से शिकायत मिलने के बाद स्थिति को काबू में करने के लिए गुरप गया था।
उन्होंने कहा, ‘‘तीन-चार पुलिसकर्मी वहां गये थे और लोगों ने उन पर हमला कर दिया और उनकी रिवाल्वर छीनने की कोशिश की। इसके बाद दुर्घटनावश गोली चल गई और एक स्थानीय व्यक्ति जॉयचंद मलिक को जा लगी। जहां ‘‘जय श्री राम’’ के नारे लगाये जा रहे थे वहां कोई रैली नहीं थी।’’
एसपी ने बताया कि इसके बाद भारतीय जनता पार्टी ने इस घटना के सिलसिले में एक ज्ञापन सौंपा। बनर्जी के अनुसार घायल व्यक्ति भाजपा का सदस्य है।
उन्होंने कहा, ‘‘हमारे लोग बुधवार को विजय रैली में भाग ले रहे थे और जय श्री राम के नारे लगा रहे थे। तृणमूल कांग्रेस के ‘‘गुंडों’’ ने उन्हें रोक लिया और पुलिस को सूचित किया गया। उन्होंने निष्पक्ष ढंग से कार्रवाई नहीं की। हम मांग करते हैं कि पुलिस निष्पक्ष ढंग से काम करे और उस पुलिसकर्मी को गिरफ्तार करे जिसकी रिवाल्वर से गोली चली थी।’’
भाजपा नेता ने 24 घंटे के भीतर कोई कार्रवाई नहीं किये जाने पर आंदोलन तेज करने की चेतावनी दी है। एसपी ने बताया कि क्षेत्र में पुलिस पिकेट बनाई गई है और स्थिति नियंत्रण में है।