अमरीकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप अपनी पत्नी मेलानिया ट्रंप, बेटी इवांका ट्रंप और दामाद जेरेड कुशनेर के साथ दो दिन के लिए भारत दौरे पर आ रहे हैं। ट्रंप की बेटी इवांका और दामाद जेरेड उच्चस्तरीय शिष्टमंडल में शामिल होंगे। वहीं ट्रंप के दौरे को लेकर कांग्रेस के वरिष्ठ नेता अधीर रंजन ने केंद्र सरकार पर निशाना साधते हुए अमरीकी राष्ट्रपति की तुलना हिंदी फिल्म के विलेन “मोगेम्बो” से की है।
साथ ही उन्होंने ट्रंप के सम्मान में राष्ट्रपति भवन में आयोजित होने वाले भोज के आए निमंत्रण को ठुकरा दिया। कांग्रेस नेता ने कहा, ‘सरकारी खजाने से करोड़ों रुपये खर्च करने की क्या जरूरत है। डोनाल्ड ट्रंप को खुश करने के लिए झुग्गी-झोपड़ियों में रहने वाले लोगों को छुपाना पड़ रहा है या उन्हें हटाना पड़ रहा है। क्या ये सही बर्ताव है।
भारत दौरे से पहले दिखा राष्ट्रपति ट्रंप का बाहुबली अवतार, शेयर किया Video
गुजरात का विकास पीएम मोदी ने किया है, जो दूसरे राज्यों के लिए मॉडल है लेकिन वहां पर गरीबों का शोषण हो रहा है। ये ऐसा है जैसे हम ‘मोगैम्बो’ को खुश करने के लिए सब कुछ करेंगे। हम मोदी सरकार के खिलाफ प्रदर्शन करेंगे।’ साथ ही भोज का निमंत्रण ठुकराए जाने को लेकर उन्होंने कहा, हमारी पार्टी की अध्यक्ष सोनिया गांधी को आमंत्रित नहीं किया गया। ट्रंप भारत आ रहे हैं।
भारत उनके लिए एक भव्य डिनर की मेजबानी करेगा, लेकिन विपक्ष को आमंत्रित नहीं किया गया है। हाउडी मोदी कार्यक्रम में, रिपब्लिकन और डेमोक्रेट दोनों ने मंच साझा किया था लेकिन यहां केवल मोदी और ट्रम्प साथ होंगे। यह किस तरह का लोकतंत्र है?”
उन्होंने कहा, ट्रंप भारत आ रहे हैं और यह एक बहुत बड़ी बात है। अमेरिका एक शक्तिशाली राष्ट्र है और हम अपने देश में उनके राष्ट्रपति का स्वागत करते हैं। जिस देश का वह प्रतिनिधित्व करते हैं वह सबसे पुराना लोकतंत्र माना जाता है और भारत सबसे बड़े लोकतंत्र के रूप में जाना जाता है। लोकतंत्र का सभी को सम्मान करना चाहिए।