राफेल मामले में सुप्रीम कोर्ट के एक फैसले का हवाला देकर टिप्पणी करने के लिए राहुल गांधी द्वारा खेद प्रकट करने के बाद कांग्रेस ने सोमवार को कहा कि भाजपा इसको लेकर झूठ फैलाना बंद करे और वह अब भी अपने इस रुख पर कायम है कि ‘एक ही चौकीदार चोर है।’
पार्टी के मुख्य प्रवक्ता रणदीप सुरजेवाला ने ट्वीट कर कहा, ”झूठ की कोई सीमा नहीं होती। गलत सूचना के प्रसार का कोई सीमित दायरा नहीं होता। उच्चतम न्यायालय को दिए गए राहुल जी के जवाब को भाजपा की ओर से गलत ढंग से पेश करना ही अपने आप में अदालती प्रक्रिया की अवमानना है।” उन्होंने कहा, ”मामला अदालत के विचाराधीन है, इसलिए इसपर अपना फैसला देना बंद करिए। हम फिर से दोहराते हैं-एक ही चौकीदार चोर है!”
राफेल पर दिए बयान पर राहुल ने जताया खेद, कहा-जोश में दिया बयान
दरअसल, कांग्रेस अध्यक्ष राहुल गांधी ने सोमवार को उच्चतम न्यायालय में हलफनामा दायर कर राफेल मामले में शीर्ष अदालत के फैसले पर की गई अपनी टिप्पणी के लिए खेद जताया। शीर्ष अदालत ने 15 अप्रैल को स्पष्ट किया था कि राफेल पर उसके फैसले में ऐसा कुछ भी नहीं था जिसके हवाले से यह कहा जा सके कि ‘चौकीदार नरेन्द्र मोदी चोर हैं’।
बता दें कि राहुल गांधी ने न्यायालय के फैसले का हवाला देते हुए कहा था कि अब शीर्ष अदालत भी मानती है कि ‘चौकीदार चोर है’। न्यायालय ने 15 अप्रैल को गांधी को निर्देश दिया था कि वह 22 अप्रैल तक स्पष्टीकरण दें।


Download Android App
Download iOS App




