कांग्रेस के नेताओं एवं कार्यकर्ताओं ने लोकसभा चुनाव के परिणाम घोषित होने से पहले आए एग्जिट पोल में भाजपा नीत राजग की जीत की अनुमान को खारिज किया और दावा किया कि 23 मई का वास्तविक परिणाम इससे अलग होगा। कांग्रेस के वरिष्ठ नेता शशि थरूर ने आस्ट्रेलिया के आम चुनाव में एक्जिट पोल के अनुमान गलत साबित होने का हवाला देते हुए कहा कि यहां भी 23 मई तक का इंतजार करना चाहिए।
उन्होंने ट्वीट कर कहा, “मैं पूरे विश्वास के साथ कहता हूं कि एग्जिट पोल गलत होते हैं । ऑस्ट्रेलिया में चुनावों के बाद 56 अलग-अलग एजेंसियों ने एग्जिट पोल के आंकड़े जारी किए, लेकिन सभी गलत साबित हुए हैं। भारत में भी कई लोग चुनाव के बाद सर्वे करने पहुंचे लोगों को सच्चाई नहीं बताते हैं। सरकार गठन करने को लेकर ऐसे पूर्वानुमान सही नहीं हैं, इसलिए हमें 23 मई का इंतजार करना चाहिए, जिस दिन लोकसभा चुनाव के सही परिणाम सामने आएंगे।”
ज्यादातर एग्जिट पोल के मुताबिक मोदी की वापसी पक्की, कुछ ने NDA को दीं 300 से ज्यादा सीटें
कांग्रेस प्रवक्ता गौरव वल्लभ ने कहा, “अब ऐसे एग्जिट पोल पर क्या टिप्पणी की जाए। मुझे विश्वास है कि कांग्रेस सरकार बनाएगी।” एग्जिट पोल के नतीजे आने के एक दिन बाद कांग्रेस मुख्यालय का माहौल शांत रहा, हालांकि कार्यकर्ताओं का कहना है कि नतीजे इन एग्जिट पोल के आंकड़ों से बिल्कुल अलग आएंगे।
कांग्रेस के एक कार्यकर्ता ने दावा किया, “ये एग्जिट पोल विपक्षी दलों की गठबंधन की कवायद को रोकने के मकसद से जारी किए गए हैं। आप देखेंगे कि 23 मई को नतीजे बिल्कुल अलग होंगे।” गौरतलब है कि ज्यादातर एग्जिट पोल में भाजपा के नेतृत्व वाले राजग को स्पष्ट बहुमत मिलने का अनुमान लगाया गया है।


Download Android App
Download iOS App




