कांग्रेस की भारत जोड़ो यात्रा को एक माह होने वाले है। राहुल गांधी इस यात्रा का नेतृत्व कर रहे है। ये यात्रा अभी कर्नाटक में है, जहां पार्टी की अंतरिम अध्यक्ष सोनिया गांधी भी पहुंच चुकी है। सोनिया आज इस यात्रा में शामिल हो रही है। वो राहुल के साथ पैदल यात्रा करेंगी। इस दौरान कांग्रेस के कई नेता मौजूद रहने वाले है।
सोनिया गांधी कार्यकर्ताओं को कर सकती है संबोधित
एक रिपोर्ट के अनुसार सोनिया गांधी आज पैदल यात्रा के दौरान कांग्रेस कार्यकर्ताओं को संबोधित भी कर सकती है। सोनिया के इस पैदल यात्रा के कई मायने निकल रहे है। सभी जानते है कि राजस्थान में जब से विधायकों ने बगावत की है, उसके बाद से ही कांग्रेस की एकजुटता पर सवाल उठने लगा है। पिछले दिनों पार्टी के वरिष्ठ नेता गुलाम नबी आजाद ने पार्टी का साथ छोड़ दिया था, जिसके बाद से ही जनता और कार्यकर्ताओं के बीच पार्टी को लेकर कई तरह की धारणा बनने लगी थी, जिसे दूर करने के लिए अब सोनिया गांधी खुद सामने आ गई है।
बीजेपी को चुनौती देंगी सोनिया
बता दें, इस पैदल यात्रा में शामिल होकर सोनिया जनता और कार्यकर्ताओं के बीच ये संदेश देना चाहती है कि पार्टी में अभी भी एकजुटता है। दूसरी तरफ से सोनिया की यात्रा इसलिए भी खास है, क्योंकि ये भाजपा शासित प्रदेश में हो रही है। सोनिया इस यात्रा में शामिल होकर सीधे भारतीय जनता पार्टी को चैलेंज देने का काम कर रही है।
मल्लिकार्जुन खड़गे भी यात्रा में होंगे शामिल
बता दें, इस पैदल यात्रा में सोनिया गांधी के साथ अध्यक्ष पद का चुनाव लड़ रहे मल्लिकार्जुन खड़गे भी शामिल होंगे, जिसके बाद कर्नाटक में हलचल तेज हो गई है। राहुल गांधी की भारत जोड़ो यात्रा 7 सितंबर को कन्याकुमारी से शुरू की गई थी। ये बीते शुक्रवार को गुंडुलपेट से कर्नाटक में प्रवेश हुई। जबकि इससे पहले राहुल गांधी अपने साथियों के साथ केरल में मौजूद थे।