कोरोना : 32 करोड़ गरीबों को प्रधानमंत्री गरीब कल्याण पैकेज का मिला लाभ

Summary :

वित्त मंत्रालय के अनुसार, प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि के तहत अप्रैल में पहली किस्त के तौर पर योजना के 7.47 करोड़ लाभार्थी किसानों के बैंक खातों में 14,946 करोड़ रुपये भेजे जा चुके हैं।

देश इस वक्त कोरोना महामारी से जूझ रहा है। इस संकट से निपटने के लिए सरकार ने कई रहात पैकेजों की घोषणाएं की है। इस बीच, केंद्र सरकार द्वारा कोविड-19 से निपटने के लिए घोषित 1.70 लाख करोड़ रुपये के प्रधानमंत्री गरीब कल्याण पैकेज के तहत अब तक देश के 32 करोड़ से ज्यादा गरीबों को कुल 29,352 करोड़ रुपये की वित्तीय मदद मिल चुकी है। यह जानकारी सोमवार को वित्त मंत्रालय की ओर से दी गई।
मंत्रालय द्वारा दी गई जानकारी के अनुसार, प्रधानमंत्री गरीब कल्याण अन्न योजना के तहत सार्वजनिक वितरण प्रणाली के 5.29 करोड़ लाभार्थियों को मुफ्त राशन वितरण के तहत अनाज मुहैया करवाया जा चुका है। इसके अलावा, उज्‍जवला योजना के तहत 97.8 लाख गैस सिलेंडर मुफ्त मुहैया करवाए गए हैं। वहीं, कर्मचारी भविष्य निधि संगठन यानी ईपीएफओ के 2.1 लाख सदस्यों को ईपीएफओ खाते से गैर-वापसी योग्य निकासी का लाभ मिल चुका है, जिसकी राशि 510 करोड़ रुपये है।
वित्त मंत्रालय के अनुसार, प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि के तहत अप्रैल में पहली किस्त के तौर पर योजना के 7.47 करोड़ लाभार्थी किसानों के बैंक खातों में 14,946 करोड़ रुपये भेजे जा चुके हैं। वहीं, प्रधानमंत्री जनधन योजना के तहत 19.86 करोड़ महिला खाताधारकों के खातों में 9,930 करोड़ रुपये हस्तांतरित किए जा चुके हैं। मंत्रालय ने कहा है कि वृद्धावस्था पेंशन, विधवा व दिव्यांग पेंशनधारी 2.82 करोड़ लोगों के खातों में 1400 करोड़ रुपये भेजे जा चुके हैं। इसके अलावा, भवन व निर्माण क्षेत्र के 2.17 करोड़ श्रमिकों को वित्तीय सहायता के तौर पर 3071 करोड़ रुपये दिए जा चुके हैं।

Desk Team