देश में कोरोना वायरस (कोविड-19) का कहर अभी भी बरकरार है। देश में कोरोना संक्रमण के मामले साढ़े 77 लाख के पार हो गये हैं और इस दौरान कोरोना के सक्रिय मामलों की संख्या घटकर अब 6.95 लाख के करीब पहुंच गई है। स्वास्थ्य मंत्रालय को विभिन्न राज्यों से प्राप्त रिपोर्टों के मुताबिक शुक्रवार तक तक संक्रमण के 54,366 नये मामलों के साथ संक्रमितों का कुल आंकड़ा 77,61,312 हो गया है और मृतकों की संख्या 690 और बढ़कर 1,17,306 हो गयी है।
देश में नये मामलों की तुलना में कोरोना महामारी से निजात पाने वालों की संख्या भी लगातार बढ़ रही है और इसी कड़ी में करीब 70 हजार कोरोना मरीजों के ठीक होने के साथ अब तक 69,48,497 लोग इस बीमारी से मुक्ति पा चुके हैं। कोरोना संक्रमण के नये मामलों में कमी आने और इनकी तुलना में स्वस्थ लोगों की संख्या में वृद्धि होने के कारण सक्रिय मामलों में रिकॉर्ड करीब 20 हजार की कमी दर्ज की गयी है। सक्रिय मामले घटकर 6,95,509 पर आ गये हैं।
कोरोना से देश में सबसे अधिक प्रभावित महाराष्ट्र 1,50,016 सक्रिय मामलों के साथ शीर्ष पर है जबकि केरल 93,291 सक्रिय मामलों के साथ दूसरे स्थान पर है। कर्नाटक 92,927 मामलों के साथ अब तीसरे स्थान पर है। कोरोना महामारी से सबसे अधिक प्रभावित महाराष्ट्र में फिर से कोरोना संक्रमण के नये मामलों की तुलना में स्वस्थ लोगों की संख्या में वृद्धि होने से सक्रिय मामलों में गुरुवार को फिर से गिरावट दर्ज की गयी और सक्रिय मामले घटकर डेढ लाख के करीब रह गये।
राज्य में इस दौरान स्वस्थ लोगों की संख्या में वृद्धि के कारण सक्रिय मामलों में 8,841 की और गिरावट दर्ज की गयी। सक्रिय मामलों की संख्या घट कर अब 1,50,011 हो गयी। राज्य में पिछले 24 घंटों के दौरान 7,539 नये मामले सामने आने से संक्रमितों की संख्या बढ़कर 16,25,197 पहुंच गयी। इसी अवधि में 16,177 और मरीजों के स्वस्थ होने से संक्रमण से मुक्ति पाने वालों की संख्या 14,31,856 हो गयी है तथा 198 और मरीजों की मौत होने से मृतकों की संख्या 42,831 हो गयी है।
राज्य में मरीजों के स्वस्थ होने की दर बढ़कर 88.10 फीसदी पहुंच गयी है जबकि मृत्यु दर महज 2.63 प्रतिशत है। कोरोना संक्रमण के मामले में भारत दुनियाभर में अमेरिका के बाद दूसरे स्थान पर है। अमेरिका में संक्रमितों की कुल संख्या 83,54,300 हो गयी और इस हिसाब से भारत अब 5.98 लाख मामले ही पीछे हैं।