देश में वैश्विक महामारी कोरोना वायरस (कोविड-19) का कहर लगातार बरकरार है। इस महामारी की विकरालता पूरी तरह फैल गयी है। वहीं देश के महाराष्ट्र, गुजरात, दिल्ली और तमिलनाडु में कोरोना वायरस से अब तक 4132 लोगों की मौत हुई है, जो देश में अब तक इस महामारी से होने वाली कुल मौतों का 73.82 प्रतिशत है।
केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्रालय की ओर से मंगलवार सुबह जारी आंकड़ों के अनुसार देश में पिछले 24 घंटे में कोरोना वायरस के 8171 नये मामले सामने आये हैं, जिसके बाद कुल संक्रमितों की संख्या 1,98706 पर पहुंच गयी है। देश में इस संक्रमण से कुल 5598 लोगों की मौत हुई है तथा 95527 लोग स्वस्थ हुए हैं।
महाराष्ट्र
महाराष्ट्र इस महामारी से देश में सबसे अधिक प्रभावित हुआ है। राज्य में पिछले 24 घंटों में 2358 नये मामले सामने आये हैं और 76 लोगों की मौत हुई है जिसके साथ ही राज्य में इससे प्रभावित होने वाले लोगों की कुल संख्या बढ़कर 70013 तथा इस जानलेवा विषाणु से मरने वालों की संख्या बढ़कर 2362 हो गयी है। इस दौरान राज्य में 779 लोग रोगमुक्त हुए है जिससे स्वस्थ होने वालों की कुल संख्या 30108 हो गयी है।
तमिलनाडु
कोरोना वायरस से प्रभावित होने के मामले में तमिलनाडु दूसरे नंबर पर है, जहां संक्रमितों की संख्या 23495 पर पहुंच गयी है तथा 184 लोगों की मृत्यु हुई है जबकि 13170 लोगों को उपचार के बाद विभिन्न अस्पतालों से छुट्टी दी जा चुकी है।
दिल्ली
कोरोना के कारण राष्ट्रीय राजधानी की भी स्थिति काफी चिंताजनक बनी हुई है और देश में दिल्ली संक्रमितों की संख्या के मामले में तीसरे स्थान पर है। दिल्ली में 20834 लोग संक्रमित हुए हैं तथा 523 लोगों की जान जा चुकी है जबकि 8746 मरीजों को उपचार के बाद अस्पतालों से छुट्टी दे दी गई है।
गुजरात
कोविड-19 से प्रभावित होने के मामले में देश का पश्चिमी राज्य गुजरात चौथे नंबर पर है। गुजरात में अब तक 17200 लोग इससे संक्रमित हुए हैं तथा 1063 लोगों ने जान गंवाई है। इसके अलावा 10780 लोग इस बीमारी से उबरने में कामयाब हुए हैं।
कपिल सिब्बल का केंद्र पर तंज, कहा- 6 साल का बदलाव, मूडीज का डाउनग्रेड अब कहां गए मोदी जी?
अन्य राज्यों की स्थिति
राजस्थान में भी कोरोना का प्रकोप जोरों पर है और यहां संक्रमितों की संख्या 8980 हो गयी है तथा 198 लोगों की मौत हो चुकी है, जबकि 6040 लोग पूरी तरह ठीक हुए हैं। मध्य प्रदेश में 8283 लोग कोरोना संक्रमित हुए हैं तथा 358 की इससे मौत हो गयी है जबकि 5003 लोग संक्रमणमुक्त हुए हैं। उत्तर प्रदेश में अब तक 8075 लोग कोरोना वायरस की चपेट में आए हैं तथा 217 लोगों की मौत हुई है जबकि 4843 लोग इससे ठीक हुए हैं।
पश्चिम बंगाल में 5772 लोग कोरोना वायरस से संक्रमित हुए हैं तथा 325 लोगों की मौत हो चुकी है और अब तक 2306 लोग ठीक हुए है। तेलंगाना में अब तक कोरोना से 2792 लोग संक्रमित हुए हैं तथा 88 लोगों ने इसके कारण जान गंवाई है। इसके अलावा यहां 1491 लोग अब तक इस बीमारी से ठीक हुए हैं। दक्षिण भारतीय राज्य आंध्र प्रदेश में 3783 और कर्नाटक में 3408 लोग संक्रमित हुए हैं तथा इन राज्यों में इससे मरने वालों की संख्या क्रमश: 64 और 52 है।
जम्मू-कश्मीर में संक्रमितों की संख्या बढ़कर 2601 हो गई है और 31 लोगों की मृत्यु हुई है। पंजाब में 45, बिहार में 24, हरियाणा में 21, केरल में 10, ओडिशा में सात, उत्तराखंड में छह, हिमाचल प्रदेश और झारखंड में पांच-पांच, असम और चंडीगढ़ में चार-चार तथा छत्तीसगढ़ और मेघालय में इस महामारी से एक-एक व्यक्ति की मौत हुई है।