देश में शनिवार को कोरोना वायरस (कोविड-19) से संक्रमित लोगों की संख्या 81 लाख के पार पहुंच गयी जबकि राहत की बात यह है कि सक्रिय मामलों की संख्या घटकर छह लाख से कम रह गयी है। पिछले 24 घंटे में 11,737 लोगों के महामारी से निजात पाने के बाद संक्रमणमुक्त लोगों की संख्या 5,82,649 हो गयी है।
स्वास्थ्य मंत्रालय को विभिन्न राज्यों से प्राप्त रिपोर्टों के मुताबिक शनिवार को पिछले 24 घंटे में संक्रमण के 48,268 नये मामलों के साथ संक्रमितों का कुल आंकड़ा 81,37,119 हो गया है और मृतकों की संख्या 551 और बढ़कर 1,21,641 हो गयी है। देश में नये मामलों की तुलना में कोरोना महामारी से निजात पाने वालों की संख्या भी लगातार बढ़ रही है और इसी कड़ी में अब तक 74,32,829 लोग इस बीमारी से मुक्ति पा चुके हैं।
कोरोना से देश में सबसे अधिक प्रभावित महाराष्ट्र सक्रिय मामलों की संख्या घटकर 1,25,418 तक रह गयी जो सक्रिय मामलों के साथ शीर्ष पर है जबकि केरल 90,565 सक्रिय मामलों के साथ दूसरे स्थान पर है। कर्नाटक 68,161 मामलों के साथ अब तीसरे स्थान पर है जबकि पश्चिम बंगाल 36,999 मामलों के साथ चौथे स्थान पर है।
कोरोना महामारी से सबसे अधिक प्रभावित महाराष्ट्र में कोरोना संक्रमण के नये मामलों की तुलना में स्वस्थ लोगों की संख्या में वृद्धि के कारण सक्रिय मामलों में 2,185 की और गिरावट दर्ज की गयी। सक्रिय मामलों की संख्या घट कर अब 1,25,418 रह गयी। राज्य में पिछले 24 घंटों के दौरान 6,190 नये मामले सामने आने से संक्रमितों की संख्या बढ़कर 16,72,858 पहुंच गयी।
इसी अवधि में 8,241 और मरीजों के स्वस्थ होने से संक्रमण से मुक्ति पाने वालों की संख्या 15,03,050 हो गयी है तथा 127 और मरीजों की मौत होने से मृतकों की संख्या 43,837 हो गयी है। राज्य में मरीजों के स्वस्थ होने की दर बढ़कर 89.85 फीसदी पहुंच गयी है जबकि मृत्यु दर महज 2.62 प्रतिशत है। कोरोना संक्रमण के मामले में भारत दुनियाभर में अमेरिका के बाद दूसरे स्थान पर है। अमेरिका में संक्रमितों की कुल संख्या 89,50,742 हो गयी हैं।


Download Android App
Download iOS App



