देश में कोरोना वायरस (कोविड-19) संक्रमितों की कुल संख्या 99 लाख के पार पहुंच गई है जबकि राहत की बात यह है कि इस वायरस से निजात पाने वालों की संख्या भी 94 लाख से अधिक हो गई है। स्वास्थ्य मंत्रालय को विभिन्न राज्यों से मंगलवार तक प्राप्त रिपोर्टाें के मुताबिक देश में पिछले 24 घंटों के दौरान 22,065 नये मामले सामने आने के बाद संक्रमितों की संख्या 99,06,165 पहुंच गयी जबकि इस अवधि में संक्रमण से निजात पाने वाले लोगों की संख्या 34,477 और बढ़कर 94,22,636 हो गयी है।
देश में इस दौरान कोविड-19 से 354 और मौतें होने के साथ ही मृतकों की संख्या बढ़कर 1,43,710 हो गई है। देश में कोरोना के बढ़ते मामलों के बीच राहत की बात यह है कि नये मामलों की तुलना में स्वस्थ लोगों की संख्या में वृद्धि होने से रिकवरी रेट में आंशिक वृद्धि हुई और अब यह 95.10 प्रतिशत पहुंच गयी है। इसी अवधि में सक्रिय मामलों की संख्या में लगभग 13 हजार और कमी आने से ऐसे मामले अब 3,39,820 रह गये हैं। देश में सक्रिय मामलों की दर 3.44 प्रतिशत जबकि मृत्यु दर भी महज 1.45 फीसदी पर बनी हुई है।
कोरोना महामारी से सबसे अधिक प्रभावित महाराष्ट्र में कोरोना के सक्रिय मामलों में 1,721 की गिरावट दर्ज की गयी और अब सक्रिय मामलों की संख्या घट कर 72,383 रह गयी है। राज्य में पिछले 24 घंटों के दौरान संक्रमण के 2,949 नये मामले सामने आने से संक्रमितों की कुल संख्या बढ़कर 18,83,365 पहुंच गयी है। इसी अवधि में 4,610 और मरीजों के स्वस्थ होने से इस संक्रमण से निजात पाने वालों की संख्या 17,61,615 हो गयी है तथा 60 और मरीजों की मौत होने से मृतकों का आंकड़ा 48,269 हो गया है।
राज्य में मरीजों के स्वस्थ होने की दर आंशिक वृद्धि के साथ 93.54 फीसदी पहुंच गयी जबकि मृत्यु दर महज 2.56 प्रतिशत है। महाराष्ट्र के बाद नये मामलों और सक्रिय मामलों के मामले में दूसरे स्थान पर स्थित केरल में 2,707 नये मामले सामने आने से संक्रमितों की संख्या सोमवार को 6,72,038 पहुंच गयी लेकिन राहत की बात यह है कि इस अवधि में सक्रिय मामलों में 1,759 की और कमी होने से इनकी संख्या घट कर 57,642 रह गयी जो रविवार को 59,440 थी।
इस दौरान 4,481 और मरीजों के स्वस्थ होने से रोग मुक्त लोगों की संख्या 6,11,600 हो गयी है। राज्य में इस दौरान संक्रमितों की कुल संख्या 6,72,038 तक पहुंच गयी है तथा 24 और लोगों की मौत होने से मृतकों की संख्या बढ़कर 2,648 हो गयी है। कोरोना संक्रमण के मामले में भारत अमेरिका के बाद दूसरे स्थान पर है। अमेरिका में अब तक 1.62 करोड़ से अधिक लोग संक्रमित हुए हैं जबकि 2.99 लाख लोगों की मौत हो चुकी है।


Download Android App
Download iOS App



