देश में कोरोना महामारी की तीसरी लहर थमती नजर आ रही है। कोरोना के दैनिक मामलों में रोजाना राहत देने वाली गिरावट हो रही है। पिछले 24 घंटे में कोरोना के डेढ़ लाख के आस-पास नए मामले दर्ज हुए हैं, बावजूद इसके संक्रमण से होने वाली मौतों की स्थिति अभी भी चिंताजनक बनी हुई है।
केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्रालय द्वारा शुक्रवार सुबह जारी आंकड़ों के मुताबिक, देश में पिछले 24 घंटे में कोरोना के 1 लाख 49 हज़ार 394 नए मामले सामने आए हैं, जो कल सामने आए मरीजों की तुलना में 13 प्रतिशत कम हैं। वहीं इस दौरान एक हज़ार 72 मरीजों की मौत हुई है।
कोविड-19 : विश्व में कोरोना संक्रमण के मामले बढ़कर 38.75 करोड़, 10 अरब से ज्यादा का हुआ वैक्सीनेशन
मंत्रालय ने बताया कि डेली पॉजिटिविटी रेट 9.27 फीसदी रहा है। इसके साथ ही देश में कोरोना के एक्टिव केस की संख्या 14,35,569 हैं। पिछले 24 घंटे में हुई 1072 मरीजों की मौत के बाद देश में अब तक 5,00,055 लोगों को मौत हो चुकी है। वहीं बार करें टीकाकरण की तो अब तक वैक्सीन की 168.47 करोड़ डोज़ दी जा चुकी हैं।
केरल और मिजोरम में कोरोना में मामलों में वृद्धि
केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्रालय ने गुरुवार को कहा कि देश के 34 राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों में कोरोना मामलों और पॉजिटिविटी रेट में गिरावट दर्ज की जा रही है, लेकिन केरल और मिजोरम में दोनों मामलों में वृद्धि देखी जा रही है। 8 राज्यों में केरल, तमिलनाडु, कर्नाटक, महाराष्ट्र, आंध्र प्रदेश, गुजरात, राजस्थान और मध्य प्रदेश में 50,000 से ज्यादा सक्रिय कोरोना मामले हैं। 12 राज्यों में 10-50,000 के बीच सक्रिय मामले हैं और 16 राज्यों में 10,000 से ज्यादा सक्रिय मामले कम है।