दिल्ली, हरियाणा, राजस्थान और पुडुचेरी में रविवार को लॉकडाउन बढ़ाया गया, जबकि कई राज्यों में कोविड-19 के कारण पहले से ही मई के अंत तक के लिए पाबंदियां लगी हुई हैं ताकि महामारी की दूसरी लहर के दौरान संक्रमण को रोका जा सके।
केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्रालय द्वारा रविवार को जारी आंकड़े के मुताबिक भारत में कोरोना वायरस के एक दिन में कोविड-19 के 2,22,315 नए मामले सामने आने के बाद संक्रमितों की संख्या बढ़कर 2,67,52,447 हो गई। पिछले 38 दिनों में एक दिन में सामने आए संक्रमण के ये सबसे कम नए मामले हैं। आंकड़े के अनुसार इससे पहले, देश में 16 अप्रैल को 24 घंटे में 2,17,353 नए मामले सामने आए थे। वहीं, संक्रमण से जान गंवाने वालों की संख्या तीन लाख के पार पहुंच गई है।
केन्द्रीय स्वास्थ्य मंत्रालय के अनुसार, देश में संक्रमण से 4,454 और लोगों की मौत के बाद मृतक संख्या बढ़कर 3,03,720 हो गई।
आंकड़ों के अनुसार, देश में उपचाराधीन मरीजों की संख्या में भी गिरावट आई है और अभी 27,20,716 लोगों का कोरोना वायरस संक्रमण का इलाज चल रहा है, जो कुल मामलों का 10.17 प्रतिशत है। देश में अब तक 2,37,28,011 लोग संक्रमण मुक्त हो चुके हैं और राष्ट्रीय स्तर पर स्वस्थ होने की दर 88.69 प्रतिशत है। वहीं, कोविड-19 से मृत्यु दर 1.14 प्रतिशत है।
राज्यों एवं केंद्र शासित प्रदेशों द्वारा कोरोना वायरस के कारण जारी पाबंदियां निम्नवत हैं —
दिल्ली में 19 अप्रैल से 31 मई तक लॉकडाउन है।
हरियाणा में तीन मई से लॉकडाउन जारी था जिसे बढ़ाकर 31 मई तक किया गया है।
चंडीगढ़ प्रशासन ने सप्ताहांत कर्फ्यू 25 मई तक बढ़ा दिया है।
पंजाब में कोविड-19 से जुड़े सप्ताहांत कर्फ्यू एवं रात्रि कर्फ्यू को 31 मई तक बढ़ा दिया गया है।
उत्तर प्रदेश में कोरोना वायरस के कारण आंशिक कर्फ्यू को 31 मई की सुबह सात बजे तक बढ़ाया गया है।
बिहार में चार मई को 15 मई तक के लिए लॉकडाउन लगाया गया था जिसे बढ़ाकर 25 मई तक किया गया है।
झारखंड में लॉकडाउन जैसी पाबंदियों को 27 मई तक बढ़ाया गया है।
ओडिशा में एक जून तक लॉकडाउन है।
पश्चिम बंगाल ने 16 मई से 30 मई तक पूर्ण लॉकडाउन की घोषणा की है।
राजस्थान में आठ जून तक लॉकडाउन है।
मध्यप्रदेश ने कोरोना कर्फ्यू को राज्य के सभी 52 जिलों में 31 मई तक अलग-अलग समय के लिए बढ़ाया है।
गुजरात में 28 मई तक रात्रि कर्फ्यू लगाया गया है। बहरहाल, दिन के समय पाबंदियों में ढील दी गई है और सुबह नौ बजे से अपराह्न तीन बजे तक दुकानों, शॉपिंग मॉल, व्यावसायिक प्रतिष्ठान और अन्य व्यावसायिक गतविधियों को इजाजत है।
छत्तीसगढ़ में 31 मई तक लॉकडाउन है।
केरल में पूर्ण लॉकडाउन 23 मई को समाप्त हो रहा था जिसे 30 मई तक बढ़ाया गया है।
तमिलनाडु में लॉकडाउन 24 मई को खत्म हो रहा था जिसे एक और हफ्ते बढ़ाया गया है।
पुडुचेरी ने 31 मई तक लॉकडाउन लगाया है।
कर्नाटक ने 24 मई से सात जून तक लॉकडाउन में विस्तार किया है।
तेलंगाना में 30 मई तक लॉकडाउन है।
आंध्रप्रदेश ने 31 मई तक कर्फ्यू का विस्तार किया है।
गोवा में 31 मई तक कर्फ्यू लगाए जाने की खबर है।
महाराष्ट्र में लॉकडाउन की तरह पाबंदयों को एक जून तक बढ़ाया गया है।
असम में सभी कार्यालय,धार्मिक स्थल और साप्ताहिक बाजार शहरी एवं कस्बाई इलाकों में 12 मई से 15 दिनों के लिए बंद करने के आदेश दिए गए थे।
नगालैंड में लॉकडाउन 31 मई तक बढ़ाया गया है।
मिजोरम में लॉकडाउन 31 मई तक आइजल एवं अन्य जिलाा मुख्यालयों में बढ़ाया गया है।
अरूणाचल प्रदेश के कई इलाकों में 31 मई तक पूर्ण लॉकडाउन है।
मणिपुर के सात जिलों में 28 मई तक कर्फ्यू है।
मेघालय के सबसे बुरी तरह प्रभावित ईस्ट खासी हिल्स जिले में 31 मई तक लॉकडाउन बढ़ाया गया है।
त्रिपुरा में रात्रि कर्फ्यू 19 मई से 26 मई तक लगाया गया है।
सिक्किम सरकार ने 17 मई से 24 मई तक पूर्ण लॉकडाउन लगाया है।
जम्मू-कश्मीर प्रशासन ने 31 मई तक कर्फ्यू बढ़ाया है।
उत्तराखंड में 25 मई की सुबह तक कर्फ्यू है।
हिमाचल प्रदेश में कोरोना वायरस के कारण 26 मई तक कर्फ्यू लगाया गया है।