रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह गुरुवार को लद्दाख का दौरा करेंगे। वहां वह विज्ञान मेले का उद्घाटन करेंगे, जिसमें ऊंचाई वाले क्षेत्रों में उगाने के लिए उचित फसलों व अनाजों का प्रदर्शन किया जाएगा। लद्दाख के केंद्र शासित प्रदेश बनने के बाद राजनाथ का यह वहां का पहला दौरा होगा।
जम्मू कश्मीर से अलग कर इस महीने की शुरुआत में लद्दाख को केंद्र शासित प्रदेश बनाया गया। केंद्र शासित प्रदेश बनने के बाद से यह किसी केंद्र सरकार के मंत्री का इलाके का पहला दौरा होगा। विज्ञान मेले का आयोजन डिफेंस इंस्टीट्यूट ऑफ हाई एल्टीट्यूड रिसर्च द्वारा किया जा रहा है।
रक्षा मंत्रालय के एक वरिष्ठ अधिकारी ने कहा कि इस कार्यक्रम का आयोजन लद्दाख के स्थानीय लोगों के साथ शोध जनित कृषि प्रौद्योगिकी को साझा करने के लिए किया जा रहा है। इस मेले का आयोजन रक्षा अनुसंधान विकास संगठन (डीआरडीओ) द्वारा विकसित कृषि उत्पादों की प्रदर्शनी के लिए किया जा रहा है। इसमें अनाज, फल और बीज शामिल हैं, जो ऊंचाई वाले इलाके में मौसम की परिस्थितियों का सामना करने में सक्षम हैं।