उत्तर भारत के अधिकतर राज्यों में सर्दी का सितम जारी है। पहाड़ों पर लगातार हो रही बर्फबारी से मैदानी इलाकों में ठंडी हवाएं चल रही हैं। दिल्ली-एनसीआर समेत पंजाब-हरियाणा, राजस्थान, बिहार, ओडिशा, बंगाल, मध्य प्रदेश में आज सुबह घना कोहरा छाया रहा। कोहरे के साथ-साथ बर्फीली हवाओं ने सिरहन पैदा कर दी।
मौसम विभाग के अनुसार आने वाले दिनों में दिल्ली में तापमान 4 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच सकता है, वहीं घने कोहरे की भी संभावना है। इसके साथ ही उत्तर प्रदेश, पंजाब, राजस्थान समेत भारत के कुछ राज्यों में अगले 2-3 दिनों में शीतलहर चल सकती है। दिल्ली में आज सुबह न्यूनतम तापमान 9 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।
वहीं हिमाचल प्रदेश के लाहौल-स्पीति और जम्मू-कश्मीर के श्रीनगर में आज सुबह बर्फबारी हुई। हिमाचल में हुई बर्फ़बारी से लाहौल-स्पीति जिले के सिस्सू में राष्ट्रीय राजमार्ग 3 ब्लॉक हो गया। पश्चिमी हिमालय में शुक्रवार और शनिवार को भी भारी बर्फबारी और बारिश हुई थी।
मौसम विभाग ने ट्वीट करते हुए अपडेट दिया कि 24 से 27 जनवरी तक उत्तर भारत के कई राज्यों में शीतलहर चलने का अनुमान है।जिससे तापमान में एक बार फिर गिरावट आने के साथ ठंड बढ़ने की संभावना है।
मौसम विभाग ने अपने पूर्वानुमान में कहा कि अगले 4 से 5 दिनों तक पंजाब, हरियाणा, चंडीगढ़, दिल्ली, उत्तर प्रदेश, उत्तरी राजस्थान, असम, मेघालय, मणिपुर और त्रिपुरा में घना कोहरा छाया रहेगा. वहीं, आगामी 2-3 दिनों के दौरान बिहार, उत्तरी मध्य प्रदेश, पश्चिम बंगाल, सिक्किम और ओडिशा में घना कोहरा छाए रहने की सम्भयावना है।