भारत सरकार ऑनलाइन शिक्षा प्रदान करने के लिए विश्व स्तरीय डिजिटल यूनिवर्सिटी स्थापित करेगी। दरअसल बीते 2 वर्षों के दौरान कोरोना महामारी के कारण छात्रों एवं शैक्षणिक जगत को सबसे अधिक नुकसान झेलना पड़ा है। जहां एक और स्कूल कॉलेज बंद रहे वहीं ऑनलाइन पढ़ाई के लिए भी पर्याप्त साधन उपलब्ध नहीं थे। अब केंद्र सरकार ने ऑनलाइन शिक्षा को सुदृढ़ता प्रदान करने के लिए बाकायदा एक डिजिटल विश्वविद्यालय स्थापित करने का बजट प्रावधान किया है।
उच्चतम एवं बेहतरीन टेक्नोलॉजी से युक्त होगा डिजिटल विश्वविद्यालय
केंद्रीय वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण ने संसद में बजट पेश करते हुए डिजिटल विश्वविद्यालय स्थापित करने की बात कही। उन्होंने बताया यह डिजिटल विश्वविद्यालय देशभर के सभी छात्रों के लिए उपलब्ध होगा। यह एक बहुभाषी विश्वविद्यालय होगा जिसका लाभ भारत के सभी क्षेत्रों में रहने वाले छात्र ले सकेंगे। वित्त मंत्री के मुताबिक भारत का यह डिजिटल विश्वविद्यालय उच्चतम एवं बेहतरीन टेक्नोलॉजी से युक्त होगा। वित्त मंत्री ने बताया कि डिजिटल विश्वविद्यालय से देश के कई विख्यात विश्वविद्यालयों को जोड़ा जाएगा।
शिक्षा मंत्रालय के पोर्टल ‘दीक्षा’ को प्रतिदिन 5 करोड़ से अधिक हिट
अपने अपने क्षेत्र में महारत हासिल कर चुके देश के नामी विश्वविद्यालय इस डिजिटल विश्वविद्यालय की मदद करेंगे। देश के अलग-अलग विश्वविद्यालयों की सहायता से यहां पाठ्यक्रमों को बनाया और लागू किया जाएगा। साथ ही फेकल्टी और छात्रों को भी इस अनुभव का लाभ प्राप्त होगा। गौरतलब है कि स्वयं शिक्षा मंत्रालय बीते 2 वर्ष के दौरान शिक्षा के डिजिटल माध्यमों को सशक्त बनाने का प्रयास करता रहा है।छात्रों के लिए ऑनलाइन पाठ्य सामग्री उपलब्ध कराने वाले शिक्षा मंत्रालय के पोर्टल ‘दीक्षा’ को प्रतिदिन 5 करोड़ से अधिक हिट मिल रहे हैं।
डिजिटल पाठ्य सामग्री यहां उपलब्ध
यही कारण है कि शिक्षा मंत्रालय सभी राज्यों में स्कूली शिक्षा के लिए गुणवत्तापूर्ण ई-कंटेंट उपलब्ध कराने के लिए ‘नेशनल डिजिटल इंफ्रास्ट्रक्चर’ को मजबूत कर रहा। इसके साथ ही सभी ग्रेड के लिए विशेष क्यूआर कोडेड एनर्जाइज्ड टेक्स्टबुक, एक डिजिटल प्लेटफॉर्म तैयार की गई हैं। शिक्षा मंत्रालय द्वारा तैयार की गई यह डिजिटल पाठ्य सामग्री दीक्षा पोर्टल पर उपलब्ध है।
दीक्षा पोर्टल पर कुल 2,27,704 ई-कंटेंट लाइव
शिक्षा मंत्रालय के मुताबिक अब तक दीक्षा में 402 करोड़ से अधिक शिक्षण सत्र, 4,844 करोड़ से अधिक सीखने के मिनट और 5 करोड़ से अधिक औसत दैनिक पृष्ठ हिट के साथ 2,730 करोड़ से अधिक पृष्ठ हिट हैं। मंत्रालय का कहना है कि आज की तारीख में दीक्षा पर कुल 2,27,704 ई-कंटेंट लाइव हैं। वहीं वर्ष 2022 -23 के बजट में ऑनलाइन शिक्षा को और अधिक मजबूती देने के प्रावधान किए गए हैं। इसके तहत जहां डिजिटल विश्वविद्यालय की स्थापना की जा रही है वहीं स्कूली छात्रों के लिए भी कई प्रावधान किए गए हैं जिनमें डीटीएच आधारित टीवी चैनल्स की संख्या बढ़ाना शामिल है।


Download Android App
Download iOS App



