भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) ने सोमवार को कांग्रेस के वरिष्ठ नेता दिग्विजय सिंह के खिलाफ नया हमला बोला है। दिग्विजय ने भाजपा और बजरंग दल पर पाकिस्तान स्थित खुफिया एजेंसी आईएसआई की मदद करने का आरोप लगाया है।
भाजपा प्रवक्ता संबित पात्रा ने दिल्ली में पार्टी के मंच से कहा, “पाकिस्तान की ओर से जासूसी करने वाले हिंदुओं और मुसलमानों की सटीक संख्या दिग्विजय सिंह को कैसे पता है?” उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि वरिष्ठ कांग्रेसी नेता की टिप्पणी पाकिस्तान के लिए ऑक्सीजन की तरह है। पिछले सप्ताह एक कार्यक्रम में दिग्विजय सिंह ने कहा था, “पाकिस्तान की आईएसआई के लिए मुस्लिमों के मुकाबले गैर-मुस्लिम अधिक जासूसी कर रहे हैं।”
कांग्रेस पर निशाना साधते हुए, भाजपा प्रवक्ता ने कहा, “कांग्रेस के वरिष्ठ नेता की टिप्पणी पाकिस्तानी समाचार चैनलों में कैसे सुर्खियां बनती हैं। यहां तक कि इमरान खान भी उनके बयान का जिक्र कर रहे हैं।” पात्रा ने राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ (आरएसएस) के साथ मुस्लिम ब्रदरहुड की तुलना करने के लिए कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष राहुल गांधी की भी आलोचना की। उन्होंने कांग्रेस को यह भी याद दिलाया कि कैसे संयुक्त प्रगतिशील गठबंधन (सप्रंग) के दौर में ‘हिंदू आतंक’ शब्द भी गढ़ा गया था।
बता दें कि दिग्विजय सिंह को उनकी टिप्पणियों के लिए जाना जाता है, जिन्होंने कांग्रेस को कई बार मुश्किलों में डाला है। उन्होंने शुक्रवार को भाजपा और बजरंग दल दोनों पर आईएसआई की जासूसी करने और पाकिस्तान स्थित जासूसी एजेंसी से पैसे लेने का आरोप लगाया था। दिग्विजय पर कटाक्ष करते हुए, भाजपा ने कहा, “जहां तक दिग्विजय सिंह का सवाल है, जाकिर नाईक शांति के दूत हैं और बाकी सब जासूस हैं।”