भारतीय जनता पार्टी (BJP) ने उत्तर प्रदेश समेत पांच राज्यों में अगले साल होने वाले विधानसभा चुनावों (Assembly Elections 2022) की तैयारियां शुरू कर दी है। पार्टी ने पांच राज्यों के लिए अपने चुनाव प्रभारी (Election in-charge) और सह प्रभारी (Co-Incharge) का ऐलान कर दिया। केंद्रीय मंत्री धर्मेंद्र प्रधान को यूपी की कमान सौंपी गई है, वहीं पंजाब चुनाव के लिए केंद्रीय मंत्री गजेंद्र सिंह शेखावत को प्रभारी नियुक्त किया गया है।
बीजेपी के केंद्रीय नेतृत्व ने केंद्रीय मंत्री धर्मेंद्र प्रधान को यूपी चुनाव का प्रभारी बनाया है। इसके अलावा, केंद्रीय मंत्री अनुराग ठाकुर, अर्जुनराम मेघवाल, शोभा करंदलाजे, अन्नपूर्णा देवी, पूर्व मंत्री कैप्टन अभिमन्यु व राज्स सभा सदस्य सरोज पांडेय व विवेक ठाकुर को सह प्रभारी बनाया है। इसके साथ ही उत्तराखंड के लिए पार्टी ने केंद्रीय मंत्री प्रह्लाद जोशी को जिम्मेदारी दी है, उनके साथ लॉकेट चटर्जी और सरदार आरपी सिंह को भी सह-प्रभारी बनाया गया है।
पिता की पहली बरसी पर बड़े आयोजन की तैयारी में चिराग पासवान, PM मोदी समेत कई नेताओं को भेजा निमंत्रण
वहीं पंजाब चुनाव के लिए केंद्रीय मंत्री गजेंद्र सिंह शेखावत के साथ-साथ हरदीप पुरी, मीनाक्षी लेखी, विनोद चावड़ा को प्रभारी नियुक्त किया गया है। गोवा चुनाव के लिए महाराष्ट्र के पूर्व मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस को जिम्मेदारी दी गई है। वहीं, मणिपुर के विधानसभा चुनाव के लिए केंद्रीय मंत्री भूपेंद्र यादव को प्रभारी बनाया गया है।
उत्तर प्रदेश, पंजाब, उत्तराखंड, गोवा, मणिपुर में अगले साल विधानसभा के चुनाव होने हैं। सभी प्रमुख राजनीतिक दलों ने इसके लिए अभी से तैयारी भी शुरू कर दी है। इन पांच राज्यों में से 4 में बीजेपी की सरकार है, वहीं पंजाब में कांग्रेस की सरकार है।