मध्य प्रदेश विधानसभा सत्र के हंगामेदार होने के आसार हैं और इसकी तस्वीर पहले दिन ही सत्र शुरू होने पर नजर भी आने लगी, जब कांग्रेस के विधायकों ने लहसुन लेकर प्रदर्शन किया। कांग्रेस के विधायकों ने सत्र शुरू होने से पहले कंधे पर लहसुन के गट्ठे रखे और विधानसभा परिसर के गेट तक पहुंचे, जहां उन्होंने लहसुन फैलाकर प्रदर्शन किया। इस प्रदर्शन में कांग्रेस के कार्यकारी प्रदेश अध्यक्ष जीतू पटवारी, पूर्व कृषि मंत्री सचिन यादव, पी.सी. शर्मा, लाखन सिंह यादव, कुणाल चौधरी आदि शामिल थे।
विधानसभा सत्र के पहले दिन कांग्रेस विधायकों का लहसुन लेकर प्रदर्शन
पूर्व कृषि मंत्री सचिन यादव का कहना है कि भाजपा विधायकों को तो खरीद रही है, मगर किसानों का लहसुन नहीं खरीदा जा रहा है। राज्य का किसान बुरी तरह परेशान है, किसान की आय तो दोगुनी नहीं हुई बल्कि लागत जरुर दोगुनी हो गई है। हाल यह है कि किसान अपनी लहसुन की उपज को नदी, नालों में फेंकने को मजबूर है। पेट्रोल, डीजल और उर्वरक के दाम बढ़ गए हैं मगर किसानों की उपज का दाम नहीं बढ़ा है।कांग्रेस विधायकों ने लहसुन को विधानसभा के परिसर के बाहर फैलाकर प्रदर्शन किया। राज्य के लहसुन उत्पादक किसानों को उपज का सही दाम नहीं मिल रहा है, मंडियों में लहसुन एक रुपये किलो की दर से खरीदा जा रहा है। परेशान किसान नदी और नालों में अपनी उपज को फेंक रहे है, इस तरह के वीडियो भी सोशल मीडिया पर वायरल हुए।