बिहार में सत्तारूढ़ जनता दल (युनाइटेड) के कई विधायकों के सांसद बन जाने के बाद रिक्त हुए मंत्री पद भरने के लिए मुख्यमंत्री नीतीश कुमार आज यानि रविवार को मंत्रिमंडल का विस्तार करेंगे। इससे पहले मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने शनिवार को राज्यपाल लालजी टंडन से मुलाकात की।
सूत्रों का कहना है कि मुख्यमंत्री ने राज्यपाल को इसकी जानकारी दी, और रविवार सुबह 11:30 बजे राजभवन में नए मंत्रियों को शपथ दिलाई जाएगी। सूत्रों के अनुसार, रविवार को चार नए मंत्रियों को शपथ दिलाई जाएगी।
जद (यू) के एक नेता ने नाम प्राकशित नहीं करने की शर्त पर बताया कि जद (यू) के प्रवक्ता नीरज कुमार, राष्ट्रीय लोकसमता पार्टी (रालोसपा) छोड़कर आए विधायक ललन पासवान, कांग्रेस छोड़कर जद (यू) में आए विधान पार्षद अशोक चौधरी और पूर्व मंत्री रंजू गीता को मंत्रिमंडल में शामिल किया जा सकता है। इस बीच हालांकि सरकार में शामिल भाजपा और लोजपा से किसी के भी मंत्री बनने के नाम अब तक सामने नहीं आए हैं।

सूत्रों का कहना है कि अगले वर्ष होने वाले विधानसभा चुनाव को देखते हुए कुछ मंत्रियों के विभागों में भी फेरबदल किया जा सकता है। उल्लेखनीय है कि नीतीश कुमार काफी लंबे समय बाद मंत्रिमंडल विस्तार करने जा रहे हैं। इस लोकसभा चुनाव में नीतीश कुमार मंत्रिमंडल के तीन सदस्यों के लोकसभा चुनाव जीत जाने के बाद मंत्रिमंडल विस्तार तय माना जा रहा था।
लोकसभा चुनाव में नीतीश सरकार के जल संसाधन मंत्री राजीव रंजन सिंह उर्फ ललन सिंह को मुंगेर लोकसभा क्षेत्र से सफलता मिली है, जबकि आपदा व लघु सिंचाई मंत्री दिनेश चन्द्र यादव को मधेपुरा से और पशु एवं मत्स्य संसाधन मंत्री पशुपति कुमार पारस को हाजीपुर से जीत हासिल हुई है।
इससे पहले ही कथित सृजन घोटाले में नाम आने के कारण मंजू वर्मा को समाज कल्याण मंत्री पद से इस्तीफा देना पड़ा था। इसके बाद से नीतीश मंत्रिमंडल में कोई भी महिला सदस्य नहीं है।


Download Android App
Download iOS App



