हिंदी सिने जगत में संगीत के जाने माने संगीतकार खय्याम का लंबी बीमारी के बाद आज उनका मुंबई के निजी अस्पताल में निधन हो गया।‘कभी कभी’ और ‘उमराव जान’ जैसी फिल्मों को अपने सदाबहार संगीत से सजाने वाले खय्याम 92 वर्ष के थे।
बता दे कि मशहूर संगीतकार खय्याम को 10 दिन पहले मुंबई के उपनगर जुहू में सुजय अस्पताल के आईसीयू में फेफड़े में संक्रमण के चलते भर्ती कराया गया था।
उनके एक पारिवारिक मित्र ने बताया कि, ‘‘सांस लेने में तकलीफ और उम्र संबंधी बीमारियों के चलते कुछ दिन पहले उन्हें अस्पताल में भर्ती कराया गया था। सुजय अस्पताल में आज रात करीब साढ़े नौ बजे उन्होंने आखिरी सांस ली।’’
खय्याम का जन्म 18 फरवरी, 1927 को पंजाब में हुआ था। संगीतकार ने ‘त्रिशूल’, ‘नूरी’ और ‘शोला और शबनम’ जैसी कई सफल फिल्मों में संगीत दिया है। खय्याम के नाम से शोहरत पाने वाले मोहम्मद जहूर हाशमी को संगीत नाटक अकादमी और पद्म भूषण से भी सम्मानित किया जा चुका है। उन्हें मंगलवार को सुपुर्दे खाक किया जायेगा।