देश में कोरोना वायरस (कोविड-19) के नये मामलों की तुलना में स्वस्थ होने वाले लोगों की संख्या अधिक रहने के कारण सक्रिय मामलों की दर गिरकर छह फीसदी से नीचे आ गयी है, जबकि रिकवरी रेट 92.5 प्रतिशत से अधिक हो गया है। देश में को कोरोना वायरस (कोविड-19) से संक्रमित लोगों की संख्या 86 लाख के करीब पहुंच गयी लेकिन राहत की बात यह है कि सक्रिय मामलों की संख्या घटकर 5.05 लाख के करीब रह गयी।
स्वास्थ्य मंत्रालय को विभिन्न राज्यों से प्राप्त रिपोर्टों के मुताबिक पिछले 24 घंटे में संक्रमण के 38,074 नये मामले सामने आने के साथ संक्रमितों का कुल आंकड़ा 85,91,731 हो गया है और मृतकों की संख्या 448 और बढ़कर 1,27,059 हो गयी है। देश में नये मामलों की तुलना में इस महामारी से निजात पाने वालों की संख्या भी लगातार बढ़ रही है और इसी कड़ी में 42,033 और मरीजों के स्वस्थ होने से अब तक 79,59,406 लोग इस बीमारी से मुक्ति पा चुके हैं।
नये मामलों की तुलना में स्वस्थ लोगों की संख्या में वृद्धि होने के कारण सक्रिय मामलों में 4,408 की और कमी दर्ज की गयी है। सक्रिय मामलों की संख्या घटकर अब 5,05,265 रह गयी है।


Download Android App
Download iOS App



