ईटानगर : भारतीय वायु सेना के लापता एएन-32 विमान की खोज में अब तक कोई सफलता हाथ नहीं लगी है। खराब मौसम के बीच शुक्रवार को पांचवें दिन भी खोज अभियान लगातार जारी रहा। विमान में 13 लोग सवार थे। अधिकारियों ने यह जानकारी दी।
वायु सेना के प्रवक्ता विंग कमांडर रत्नाकर सिंह ने बताया कि खराब मौसम के बावजूद वायु सेना, थल सेना और स्थानीय प्रशासनों का संयुक्त खोज अभियान जारी रहा।
सिंह ने कहा, ‘‘भारतीय सेना और स्थानीय लोगों की जमीनी टुकड़ियां और सी130जे के अलावा हेलीकॉप्टरों, भारतीय नौसेना के पी8आई द्वारा तलाशी अभियान चलाया जा रहा है, लेकिन विमान का अभी तक कोई सुराग नहीं मिल पाया है।’
उन्होंने कहा कि हेलीकॉप्टरों द्वारा तलाशी अभियान कम रोशनी के कारण बंद कर दिया गया और यह शनिवार सुबह फिर शुरू होगा।
आधिकारिक सूत्रों ने बताया कि स्थानीय और जिला प्रशासन के अधिकारियों के साथ भारतीय सेना और भारत-तिब्बत सीमा पुलिस की टीमें सियांग जिले के आसपास के इलाकों की तलाश कर रही हैं।
खोज अभियान में लगभग 2,500 वर्ग किमी का क्षेत्र शामिल है, जो सियांग जिले के कायींग और पायुम क्षेत्र के अंतर्गत आता है।
अरुणाचल प्रदेश के मुख्यमंत्री पेमा खांडू ने गुरुवार को विमान के लिए खोज अभियान तेज करने की खातिर सियांग, पश्चिम सियांग, निचली सियांग और शि-योमी के जिला प्रशासन से बात की।
रूस निर्मित विमान ने अरुणाचल प्रदेश के शि-योमि जिले के मेचुका एडवांस्ड लैंडिंग ग्राउंड के लिए सोमवार रात 12.27 बजे असम के जोरहाट से उड़ान भरी थी। जमीनी नियंत्रण कक्ष के साथ विमान का संपर्क दोपहर एक बजे टूट गया।
विमान में चालक दल के आठ सदस्य और पांच यात्री सवार थे।