नयी दिल्ली ; असम, बिहार और पश्चिम बंगाल में बाढ़ की वजह से हुई मौतों की संख्या बढ़ गई है। बाढ़ की वजह से एक करोड़ से ज्यादा लोग प्रभावित हैं और ट्रेन सेवा भी पूरी तरह बहाल नहीं हो पाई है। बेंगलूरू में सोमवार की रात और मंगलवार सुबह के बीच पांच घंटों में 12.8 सेमी बारिश दर्ज की गई जो कि 1890 के बाद अगस्त में हुई सबसे ज्यादा बारिश है। डीजीपी अनिल रतूरी ने बताया कि उथराखंड के धारचूला और पिथौरागढ़ जिले से दो और शव बरामद किए गए हैं। हाल ही में बादल फटने से हुई मौत का आंकड़ा आठ तक पहुंच गया है। इस घटना में लापता हुए लोगों की तलाश के लिए बचाव और राहत कार्य जारी है।
राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली में आज अधिकतम तापमान 36.4 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। वहीं, आर्द्रता का स्तर 78 से 44 फीसदी के बीच रहा। असम में बाढ़ की स्थिति लगातार भयावह बनी हुई है तथा 11 और लोगों की मौत हो गई है। राज्य के बाढ़ प्रभावित 24 जिलों में 33.45 लाख लोग प्रभावित हैं। असम के मुख्यमंत्री सर्बानंद सोनोवाल राज्य में तीसरी बार आई बाढ़ से हुई क्षति के बारे में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को अवगत कराने के लिए आज दिल्ली रवाना हो गए। रिपोर्ट में बताया गया है कि मौजूदा समय में 2,970 गांव जलमग्न हैं और 1.43 लाख हेक्टेयर फसल को नुकसान पहुंचा है।
नेपाल और राज्य के उथरी हिस्से के जिलों में हुई लगातार बारिश की वजह से आई बाढ़ से बिहार के 14 जिले के 73.44 लाख लोग प्रभावित हैं और इसमें 72 लोगों की मौत हो गई है। मुख्यमंत्री नीतीश कुमार उपमुख्यमंत्री सुशील कुमार मोदी के साथ बेतिया और वाल्मीकि नगर क्षेत्रों का आज हवाई दौरा करने वाले थे लेकिन खराब मौसम की वजह से यह दौरा नहीं हो पाया। पश्चिम बंगाल में बाढ़ से कम से कम अब तक 32 लोगों की मौत हुई है और छह जिलों में आई बाढ़ से यहां 14 लाख से ज्यादा लोग प्रभावित हैं। हिमाचल प्रदेश में मंडी जिले के कोटरूपी में भूस्खलन में मलबे के नीचे दबी बस से शवों को बाहर निकालने की कोशिश जारी है लेकिन इस काम में आज कोई सफलता नहीं मिली और मृतकों की संख्या 46 बनी हुई है। पंजाब और हरियाणा की संयुक्त राजधानी चंडीगढ़ में अधिकतम तापमान 34.4 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।