अयोध्या और भगवान राम को लेकर नेपाल के प्रधानमंत्री के पी शर्मा के विवादित बयान के कुछ दिन बाद बृहस्पतिवार को विदेश मंत्रालय ने कहा कि भारत की सांस्कृतिक रूप से समृद्ध विरासत दुनियाभर में मशहूर है। ओली के बयान के बारे में पूछे जाने पर विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता अनुराग श्रीवास्तव ने कहा, ”हमारे देश की प्रगाढ़ और सांस्कृतिक रूप से समृद्ध विरासत दुनियाभर में मशहूर है।”
श्रीवास्तव ने यह भी कहा कि नेपाली विदेश मंत्रालय इस मुद्दे पर स्पष्टीकरण जारी कर चुका है, लिहाजा वह इस मामले पर अब कोई टिप्पणी नहीं करना चाहते। बता दें कि ओली ने कवि भानुभक्त की जयंती के अवसर पर सोमवार को अपने आधिकारिक आवास पर आयोजित एक कार्यक्रम में कहा, ‘‘भारत अपने यहां फर्जी अयोध्या बनाकर सांस्कृतिक और ऐतिहासिक तथ्यों से छेड़छाड़ कर रहा है। वास्तविक आयोध्या नेपाल के बीरगंज के एक गांव में है।’’
नेपाली प्रधानमंत्री ने कहा, ‘‘ हमने जनकपुर में जन्मीं सीता का विवाह किसी भारतीय राजा के साथ नहीं किया बल्कि सीता का विवाह भारत के नहीं अयोध्या के राम से हुआ था जो कि नेपाल में है।’’ ओली ने कहा कि इतनी दूर से कोई राजा कैसे सीता से विवाह करने के लिए जनकपुर आ सकता है क्योंकि उस समय संचार और परिवहन के साधन नहीं थे। उन्होंने कहा, ‘‘उनकी अयोध्या को लेकर काफी विवाद है जबकि हमारी अयोध्या थोरी गांव में है जिसको लेकर कोई विवाद नहीं है।’’