देश में कोरोना की रफ्तार धीमी पड़ने के साथ ही अब सरकार विदेशी पर्यटकों पर ध्यान केंद्रित करने जा रही है। गृह मंत्रालय 15 अक्टूबर से चार्टर्ड उड़ानों के माध्यम से भारत आने वाले विदेशियों को नए पर्यटक वीजा देना शुरू करेगा। वहीं चार्टर्ड विमानों के अलावा अन्य उड़ानों से भारत आने वाले विदेशी पर्यटक 15 नवंबर से ऐसा कर सकेंगे। स्वास्थ्य और परिवार कल्याण मंत्रालय की ओर से अधिसूचित सभी कोविड-19 प्रोटोकॉल और मानदंडों का पालन विदेशी पर्यटकों, उन्हें भारत में लाने वाले वाहक और लैंडिंग स्टेशनों पर अन्य हितधारकों द्वारा किया जाना है।
घट रही है संक्रमण दर
केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्रालय ने कहा है कोरोना वायरस की साप्ताहिक संक्रमण दर पिछले सप्ताह घटकर 1.68 पर आ गई। इससे पूर्व यह 5.86 फीसदी थी। महामारी की चुनौती अब भी कायम है। हमें अक्तूबर से दिसंबर तक तीन माह सतर्क रहना होगा।
केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्रालय के संयुक्त सचिव लव अग्रवाल ने गुरुवार को प्रेस कॉन्फ्रेंस में कहा कि कोविड की चुनौती अब भी खत्म नहीं हुई है। कुछ हद तक हम कह सकते हैं कि हम दूसरी लहर को काबू में नहीं कर सके हैं। हमें लगातार प्रयास करना होंगे। हम अभी यह ना समझें की कोविड खत्म हो चुका है। हमारे सामने कोविड की कई सारी चुनौतियां हैं और हमें उस पर काम करने की जरूरत है। हमें अभी भी कोविड व्यवहार को बनाए रखना है। देश में पिछले 24 घंटे में कोविड-19 के 22 हजार के करीब मामले दर्ज किए गए। आज भी देश में औसतन 20,000 मामले सामने आ रहे हैं।
केरल में 1.22 लाख सक्रिय मामले
संयुक्त सचिव अग्रवाल ने बताया कि पिछले सप्ताह कोरोना के 56 फीसदी नए मामले केरल से दर्ज़ किए गए हैं। देश के पांच राज्यों- केरल, महाराष्ट्र, तमिलनाडु, मिजोरम व कर्नाटक में 10 हजार से ज्यादा सक्रिय केस हैं। पांच राज्य ऐसे हैं जहां अभी भी 10,000 से ज़्यादा सक्रिय मामले बने हुए हैं। केरल में 1,22,000 के करीब सक्रिय मामले हैं। महाराष्ट्र में 36,000 के करीब सक्रिय मामले हैं। तमिलनाडु, मिजोरम और कर्नाटक में भी सक्रिय मामले अधिक संख्या में हैं।